(मेरठ,UP)17मई,2026.
मेरठ जिले के इकलौता गांव की एथलीट पारुल चौधरी ने एक बार फिर सितंबर-अक्तूबर 2026 में होने वाले एशियन गेम्स में देशवासियों के लिए पदक की उम्मीद जगा दी है। उन्होंने चीन के शंघाई में आयोजित डायमंड लीग में 3000 मीटर स्टीपल चेज में प्रतिभाग कर 9 मिनट 12.84 सेकंड में दौड़ पूरी की और जुलाई में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स और सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई किया। हालांकि वह अपने पर्सनल बेस्ट से चूक गईं लेकिन उन्होंने सीजन बेस्ट प्रदर्शन किया।
ट्रैक एंड फील्ड एथलेटिक्स में प्रतिवर्ष वार्षिक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इसे डायमंड लीग कहा जाता है। इसका आयोजन मई से सितंबर के बीच किया जाता है। देशभर से सर्वश्रेष्ठ एथलीट इसमें शामिल होते हैं। इसी प्रकार शनिवार को चीन के शंघाई में डायमंड लीग में मेरठ की गोल्डन गर्ल पारुल चौधरी ने भी प्रतिभाग किया। वह प्रतियोगिता में सातवें स्थान पर रहीं लेकिन उन्होंने अपना सीजन बेस्ट दिया और एशियन गेम्स व कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए 3000 मीटर स्टीपल चेज के क्वालिफाइंग मार्क 9 मिनट 27.41 सेकंड से भी कम समय में दौड़ पूरी कर दोनों प्रतियोगिताओं के लिए क्वालिफाई किया। पारुल चौधरी का पर्सनल बेस्ट 9 मिनट 12.46 सेकंड है। इससे वह चूक गईं।
पिता और भाई ने जताई खुशी
पारुल चौधरी के इस प्रदर्शन पर उनके पिता कृष्णपाल, भाई राहुल सहित अन्य परिजनों ने खुशी जताई। भाई राहुल ने कहा कि पारुल वर्ष 2023 के एशियन गेम्स की तरह इस बार 2026 के एशियन गेम्स में भी देश के लिए पदक लाएगी और मेरठ का नाम रोशन करेगी(साभार एजेंसी)
