(लखनऊ,UP)09जून,2026.
सौर ऊर्जा की बिजली ने आपका बिल तो पहले ही कम कर दिया है। यदि आपके पास सौर ऊर्जा बनने वाली बिजली ज्यादा है तो उसको बेच कर आप कमाई भी कर सकेंगे। उपभोक्ता की मर्जी होगी कि वह सौर ऊर्जा की बिजली चाहे तो अपने पड़ोसी को बेचे या फिर दूसरे शहर में किसी अन्य व्यक्ति, संस्था या प्रतिष्ठान को।
अब तक सौर ऊर्जा से बनने वाली अतिरिक्त बिजली खरीदने वाला पावर कॉर्पोरेशन जल्द ही इस व्यापार में उपभोक्ताओं की मदद करेगा। बदले में बिजली बेचने व खरीदने वाले से 21-21 पैसा प्रति यूनिट की दर से कुल 42 पैसा शुल्क की वसूली भी करेगा।
ऊर्जा मंत्रालय के आदेश के क्रम में जल्द ही पीटूपी (पीयर टू पीयर) सिस्टम से सौर ऊर्जा की बिजली बेचने की सहूलियत मिलेगी। इसके लिए पावर कॉर्पोरेशन की तरफ से इंडिया स्मार्ट ग्रिड फोरम का गठन किया जा रहा है। साथ ही, इंडिया एनर्जी स्टैक का गठन किया गया है, जिसके सहयोग से बिजली की खरीद-फरोख्त हो सकेगी।
सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के ऐप से बेच सकेंगे बिजली
आईटी विंग के अफसर ने बताया कि उपभोक्ता को सौर ऊर्जा की बिजली सीधे बेचने के लिए पहले तो पावर कॉर्पोरेशन की वेबसाइट पर पंजीकरण करना होगा। इसके बाद विद्युत वितरण निगम की सर्विस प्रोवाइडर कंपनी में पंजीयन कराने के बाद उसका ऐप डाउनलोड करना होगा। हालांकि, सौर ऊर्जा की बिजली बेचने व खरीदने की सुविधा उन्हीं उपभोक्ताओं को मिलेगी जिसके कनेक्शन पर स्मार्ट नेट मीटर लगा होगा।
इंडिया एनर्जी स्टैक की अहम भूमिका
सौर ऊर्जा की बिजली को सीधे बेचने में इंडिया एनर्जी स्टैक प्लेटफॉर्म की अहम भूमिका होगी। यह वैसे ही काम करेगा, जैसे यूपीआई सिस्टम से किसी भी बैंक का उपभोक्ता दूसरे बैंक के उपभोक्ताओं से लेन-देन करता है।
बिल प्रोफार्मा में पी-टू-पी कॉलम का प्रावधान:
पावर कॉर्पोरेशन ने सौर ऊर्जा की बिजली सीधे उपभोक्ता को बेचे जाने को लेकर बिल के प्रोफार्मा में बदलाव करते हुए पीटूपी कॉलम का प्रावधान कर दिया है। इस कॉलम में उपभोक्ता की ओर सीधे बेची गई बिजली यूनिट को दर्ज किया जाएगा।
अभी पावर कॉर्पोरेशन ही खरीदता है बिजली
सौर ऊर्जा से उपभोक्ता की छत पर बनने वाली बिजली अभी पावर कॉर्पोरेशन खरीदता है। यूं समझें कि उपभोक्ता ने मई में 500 यूनिट बिजली बनाई और 400 जलाई। 100 यूनिट जो बची वह ग्रिड में चली गई। पावर कॉर्पोरेशन इस बची हुई बिजली को खुद ही खरीदकर अपने तय रेट से उपभोक्ता के बिल में क्रेडिट कर देता है।
दिल्ली में एनर्जी ट्रेडिंग पर वर्कशॉप 23 को
पी-टू-पी सिस्टम से सौर ऊर्जा की बिजली की खरीद-फरोख्त के मसले पर दिल्ली में 23 जून को एनर्जी ट्रेडिंग वर्कशॉप का आयोजन किया गया है। इस वर्कशॉप में पावर कॉर्पोरेशन की तरफ से पावर पर्चेज एग्रीमेंट इकाई से मुख्य अभियंता मनीष द्विवेदी व सहायक अभियंता चंद्र प्रकाश मौर्य भाग लेंगे(साभार एजेंसी)
