करोड़ों के प्रोजेक्ट में गुणवत्ता पर सवाल

Rajasthan

(भीलवाड़ा,राजस्थान)11जून,2026.

भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा विधानसभा मुख्यालय स्थित आसींद रोड पर निर्माणाधीन बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय भवन के निर्माण कार्य में कथित गुणवत्ता संबंधी खामियां सामने आने के बाद शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। करीब 4.16 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस भवन के निर्माण में अनियमितताओं के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने निर्माण कार्य पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने भवन के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया। उन्होंने दावा किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। विधायक के अनुसार दीवारों की चिनाई कमजोर पाई गई और हल्का दबाव पड़ने पर पत्थर व मसाला टूटने लगा। इसके अलावा निर्माण में उपयोग की जा रही बजरी, गिट्टी और रेत की गुणवत्ता पर भी उन्होंने सवाल उठाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने मौके पर ही सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशाषी अभियंता को बुलाया। अधिकारियों के पहुंचने पर उन्होंने निर्माण कार्य का निरीक्षण कराया और स्पष्ट निर्देश दिए कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन हिस्सों का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है, उन्हें हटाकर दोबारा बनाया जाए।

डॉ. बैरवा ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी विभाग की जिम्मेदारी है। यदि गुणवत्ता में कमी या लापरवाही पाई जाती है तो ठेकेदार के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही मिट्टी आसपास के क्षेत्र से बिना आवश्यक अनुमति के लाई गई है। उन्होंने इस मामले की भी जांच कराने के निर्देश दिए और कहा कि यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित पक्षों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निम्न गुणवत्ता की सामग्री को तत्काल हटाने और निर्माण के प्रत्येक चरण की तकनीकी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि सार्वजनिक धन से बनने वाले विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर अपनी शिकायतें विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। डॉ. लालाराम बैरवा ने कहा कि सरकार जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। ऐसे में विकास कार्यों में भ्रष्टाचार, लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *