(चंडीगढ़,हरियाणा) 11जून,2026.
हरियाणा सरकार ने आतंकवाद से जुड़े मामलों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राज्य में एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) का गठन किया है। इस संबंध में गृह विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी।
अधिसूचना के अनुसार, राज्यपाल ने अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) के अंतर्गत एक विशेषीकृत एजेंसी के रूप में एटीएस का गठन किया है। यह इकाई आतंकवाद से मुकाबला करने व आतंकवाद से संबंधित मामलों की जांच और निपटान का कार्य करेगी। एटीएस का नेतृत्व पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) रैंक से कम नहीं स्तर का अधिकारी करेगा। यह अधिकारी सीआईडी प्रमुख के माध्यम से पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को रिपोर्ट करेगा।
सरकार ने एटीएस का मुख्यालय पंचकूला में स्थापित करने का निर्णय लिया है। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि नई एजेंसी के गठन से आतंकवाद विरोधी गतिविधियों में राज्य की क्षमता मजबूत होगी और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों का अधिक प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकेगा।
पंचकूला व गुरुग्राम में होगा थाना:
हरियाणा सरकार ने आतंकवाद से जुड़े अपराधों की जांच को अधिक प्रभावी बनाने के लिए राज्य में दो एंटी-टेररिज्म स्क्वाड के पुलिस थानों के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार पंचकूला और गुरुग्राम में एटीएस पुलिस थाने स्थापित किए गए हैं।
दोनों थानों के अधिकार क्षेत्र भी निर्धारित:
पंचकूला एटीएस थाना पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, कैथल, हिसार, हांसी, फतेहाबाद, जींद, सिरसा, रोहतक, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में आतंकवाद संबंधी मामलों की जांच करेगा। वहीं गुरुग्राम एटीएस थाना सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिलों को कवर करेगा(साभार एजेंसी)
