राज्य परियोजना निदेशक ने की स्कूलों की जांच

Hariyana

(कुरुक्षेत्र,हरियाणा)14जून,2026.

समग्र शिक्षा अभियान के तहत स्कूलों में चल रहे विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए राज्य परियोजना निदेशक स्वपनिल रवींद्र पाटिल ने शनिवार को शाहाबाद ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शौचालय, पेयजल व्यवस्था, मिड-डे मील, कंप्यूटर लैब, साइंस लैब, स्मार्ट बोर्ड और निर्माणाधीन कमरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

राज्य परियोजना निदेशक ने शहीद अंग्रेज सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय शरीफगढ़, राजकीय प्राथमिक विद्यालय रतनगढ़ तथा प्रधानमंत्री श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाहाबाद का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान स्वपनिल रवींद्र पाटिल ने निर्माणाधीन भवनों में इस्तेमाल हो रही सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इसके बाद उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाहाबाद में सीआरसी और विद्यालय स्टाफ की बैठक लेकर शिक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि समग्र शिक्षा के तहत स्कूलों में नए कमरे, शौचालय, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय और अन्य सुविधाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं है। स्कूल मुखियाओं को निर्देश दिए गए कि छोटी-छोटी समस्याओं को उपलब्ध फंड से प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।

अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य ने कहा कि डी-प्लान के तहत भी स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बजट का प्रावधान है। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी इंदु कौशिक ने आश्वासन दिया कि जिन विद्यालयों में कमियां हैं, उन्हें जल्द दूर किया जाएगा। उन्होंने स्कूल प्रमुखों को ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने से पहले साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *