उ.प्र.बना देश का विशालतम फूड प्रोसेसिंग हब

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)14जून,2026.

उत्तर प्रदेश अब देश का सबसे बड़ा खाद्य प्रसंस्करण (फूड प्रोसेसिंग) हब बन गया है। राज्य सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, प्रदेश में वर्तमान में 3,50,883 खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां चल रही हैं। इस आंकड़े के साथ यूपी ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल कर लिया है। सरकार का कहना है कि यह मुकाम राज्य की निवेश-अनुकूल नीतियों, मजबूत लॉजिस्टिक्स नेटवर्क और खेती में कच्चे माल की अच्छी पैदावार की वजह से मिला है।

दूसरे बड़े राज्यों को छोड़ा पीछे:
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश ने इस क्षेत्र में महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल जैसे बड़े राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। पूरे देश में कुल 24.59 लाख फूड प्रोसेसिंग इकाइयां हैं, जिनमें से उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा 14 से 15 प्रतिशत तक है। राज्य में करीब 3.50 लाख यूनिट्स हैं, जबकि दूसरे स्थान पर मौजूद पश्चिम बंगाल में 3,22,590 और महाराष्ट्र में 2,29,372 इकाइयां ही संचालित हैं।

2.5 लाख से ज्यादा श्रमिकों को मिला रोजगार
सरकार के अनुसार, खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के तेजी से बढ़ने का सीधा असर रोजगार पर भी पड़ा है। मौजूदा समय में यूपी के 2.5 लाख से ज्यादा श्रमिक इस क्षेत्र में अपना योगदान दे रहे हैं। सरकार का कहना है कि दूध, गन्ना और सब्जियों के उत्पादन में उत्तर प्रदेश पहले ही आगे है, जिससे इन नई इकाइयों और फैक्टरियों को आसानी से कच्चा माल मिल रहा है।

फल और सब्जी उत्पादन में यूपी का दबदबा:
फूड प्रोसेसिंग में पहले नंबर पर आने का एक बड़ा कारण यूपी की खेती है। सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश कुल 9 फसलों— आम, अमरूद, आलू, मटर, लौकी, सिंघाड़ा, तरबूज, खरबूजा और शिमला मिर्च के उत्पादन में पूरे देश में पहले स्थान पर है।

देश के कुल 598.89 लाख मीट्रिक टन उत्पादन में से अकेले यूपी में 250.66 लाख मीट्रिक टन आलू पैदा होता है।

देशभर के कुल 72.38 लाख मीट्रिक टन मटर में से 37.62 लाख मीट्रिक टन यूपी से आता है।
देश के 336.21 लाख मीट्रिक टन आम उत्पादन में से 61.94 लाख मीट्रिक टन का उत्पादन यूपी में होता है।
0.23 लाख मीट्रिक टन राष्ट्रीय अमरूद उत्पादन में यूपी का हिस्सा 11.49 लाख मीट्रिक टन है। वहीं, देश के 41.98 लाख मीट्रिक टन लौकी उत्पादन में से 7.53 लाख मीट्रिक टन यूपी में उगाई जाती है।

सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, देश भर में होने वाले कुल 1214.75 लाख मीट्रिक टन फल उत्पादन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 14.44 प्रतिशत (175.42 लाख मीट्रिक टन) है। वहीं, सब्जियों के कुल राष्ट्रीय उत्पादन 2210 लाख मीट्रिक टन में यूपी का हिस्सा 19.73 प्रतिशत (435.93 लाख मीट्रिक टन) है(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *