(जयपुर,राजस्थान) 21जून,2026.
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को राजस्थान के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल आबूराज (माउंट आबू) स्थित नक्की झील के किनारे राज्यस्तरीय योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया और प्रदेशवासियों से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए नियमित रूप से योग अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योग क्रियाओं और प्राणायाम का अभ्यास किया। इस दौरान अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भस्त्रिका, भ्रामरी, शीर्षासन और सूर्य नमस्कार सहित कई योगासन करवाए गए। साथ ही उपस्थित लोगों को इन्हें अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
योग विश्व को जोड़ने का माध्यम-सीएम:
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। उन्होंने कहा कि योग आज पूरी दुनिया को एक सूत्र में बांधने का कार्य कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू हुए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस अभियान का प्रभाव अब वैश्विक स्तर पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि आज बड़े शहरों से लेकर गांवों तक लोग सामूहिक रूप से योग कर रहे हैं। भारत की इस प्राचीन परंपरा को दुनिया भर में स्वीकार्यता मिली है और करोड़ों लोग इसके लाभों से जुड़ रहे है
योग से कई बीमारियों पर नियंत्रण संभव:
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के अध्ययनों में यह सामने आया है कि नियमित योग और प्राणायाम से तनाव कम होता है तथा कई जीवनशैली संबंधी समस्याओं पर नियंत्रण पाने में मदद मिलती है। उन्होंने लोगों से मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए नियमित योग करने का आह्वान किया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी किया योग:
राज्यस्तरीय कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री के.के. बिश्नोई, सांसद लुंबाराम चौधरी, पंचायती राज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, विधायक समाराम गरासिया, भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी, जिला कलेक्टर रोहिताश सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और योग प्रेमियों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।(साभार एजेंसी)
