(चंडीगढ़,पंजाब)30जून,2026
जम्मू-कश्मीर का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले पठानकोट में अमरनाथ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पंजाब के डीजीपी लॉ एंड ऑर्डर परवीन सिन्हा ने पठानकोट पहुंचकर जिला प्रशासन, पंजाब पुलिस, सेना, बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में यात्रा मार्ग, संवेदनशील क्षेत्रों और सुरक्षा इंतजामों की विस्तार से समीक्षा की गई।
डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शम्भू बैरियर से लेकर माधोपुर तक पंजाब की सीमा में आने वाले प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा नाकों की संख्या बढ़ा दी गई है। हर आने-जाने वाले वाहन की गहन जांच की जा रही है, जबकि संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
डीजीपी लॉ एंड आर्डर परवीन कुमार सिन्हा ने कहा कि अमरनाथ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ काम कर रही हैं। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी चुनौती से निपटने के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह तैयार हैं।(साभार एजेंसी)
