रेशम उद्योग को मिलेगी “नई उड़ान”

Uttarakhand

(देहरादून)20जुलाई,2026

उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से शिष्टाचार भेंट कर प्रदेश में रेशम उद्योग के विस्तार और बुनकरों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में गणेश जोशी ने बताया कि राज्य सरकार रेशम उद्योग को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वर्तमान में उत्तराखंड के 7,500 रेशम कीटपालक परिवार इस क्षेत्र से जुड़े हैं, जो प्रतिवर्ष 314.40 मीट्रिक टन बाईवोल्टाइन रेशम कोये का उत्पादन कर रहे हैं। इस उत्पादन का अनुमानित मूल्य करीब 12 करोड़ रुपये है।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री को बताया कि देहरादून स्थित सिल्क पार्क के माध्यम से रेशम उत्पादों का मूल्य संवर्धन किया जा रहा है। यहां रेशमी साड़ियां, वास्कोट, स्टॉल, शॉल समेत विभिन्न उत्पाद तैयार कर प्रदेश के विभिन्न आउटलेट्स के जरिए विपणन किया जा रहा है, जिससे स्थानीय कारीगरों और उत्पादकों को आर्थिक लाभ मिल रहा है। इस पहल की केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सराहना की।

कृषि मंत्री ने नैनीताल जिले के हल्द्वानी में प्रस्तावित सिल्क पार्क की स्थापना के लिए केंद्र सरकार से वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने तथा परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे अधिक से अधिक बुनकरों को रेशम उद्योग से जोड़ने, उनकी आय बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करने में मदद मिलेगी।

केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र कार्रवाई और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया(साभार)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *