सीएम भजनलाल द्वारा “भारत टैक्सी'” का शुभारंभ

Rajasthan

(जयपुर,राजस्थान)26जुलाई,2026

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर स्थित एचसीएम राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान (एचसीएम रीपा) में आयोजित समारोह में भारत टैक्सी का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने भारत टैक्सी के कैब, बाइक और ऑटो के समूह को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत टैक्सी सहकारिता के उत्कृष्ट मॉडल के रूप में परिवहन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, पारदर्शिता और रोजगार सृजन को नई दिशा देने का कार्य करेगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार सहकारिता के माध्यम से आम लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं. भारत टैक्सी की शुरुआत से वाहन चालकों को बेहतर अवसर मिलेंगे और वे किसी बिचौलिये पर निर्भर हुए बिना अपनी सेवाएं प्रदान कर सकेंगे. इससे उनकी आय बढ़ने के साथ-साथ यात्रियों को भी पारदर्शी और भरोसेमंद परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी.

रोजगार के नए अवसर: मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारिता केवल कृषि क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि अब परिवहन जैसे आधुनिक क्षेत्रों में भी इसका विस्तार हो रहा है. भारत टैक्सी इसी सोच का परिणाम है, जो तकनीक और सहकारिता के समन्वय से एक नया मॉडल प्रस्तुत करेगी. उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल प्रदेश के युवाओं और वाहन चालकों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती देगी.

कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार, सांसद मंजू शर्मा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. बड़ी संख्या में भारत टैक्सी के सारथियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया.(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *