रक्षाबंधन पर होगा अतिरिक्त बसों का संचालन

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)12अगस्त,2026.

उत्तर प्रदेश में रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन निगम प्रदेश में 26 से 31 अगस्त तक छह दिन अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने इस अवधि में निगम की शत-प्रतिशत बसों को ऑनरोड करने के निर्देश दिए हैं। निगम के कर्मचारियों को इसके लिए प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।

मंत्री ने बसों और बस स्टेशनों पर साफ-सफाई, पीने के लिए स्वच्छ पानी, यात्री प्रतीक्षालय में पर्याप्त रोशनी और पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बसों के संचालन की जानकारी यात्रियों को देने के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा।

परिवहन निगम के एमडी प्रभु एन सिंह ने क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को जरूरत के अनुसार दिल्ली से पूर्वी यूपी के लिए चलने वाली बसों की व्यवस्था में बदलाव करने के निर्देश दिए हैं। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर लखनऊ, कानपुर समेत अन्य प्रमुख गंतव्यों के लिए अतिरिक्त सेवाएं चलाने को कहा गया है। बसों की उपलब्धता और यात्रियों की संख्या की लगातार निगरानी की जाएगी।

त्योहार के दौरान बस संचालन से जुड़े अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, चालकों और परिचालकों को विशेष परिस्थितियों को छोड़कर अवकाश या साप्ताहिक विश्राम नहीं दिया जाएगा। सभी कर्मचारियों का ड्यूटी रोस्टर पहले से तैयार कर नोटिस बोर्ड पर लगाया जाएगा। बसों और मार्गों की चेकिंग करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

छह दिन की अवधि में 1800 किलोमीटर बस संचालन पूरा करने वाले चालक-परिचालकों को 1200 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। संविदा चालक-परिचालकों को 1800 किलोमीटर से अधिक संचालन पर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से राशि मिलेगी। कार्यशाला के तकनीकी कर्मचारियों को छह दिन उपस्थित रहने पर 500 रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके लिए सेवा का लोड फैक्टर 64 प्रतिशत से अधिक होना जरूरी होगा।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *