(जयपुर,राजस्थान)15अगस्त,2026.
देशभक्ति,शौर्य और राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के रंगों से सजे बीकानेर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया।राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण किया और मार्चपास्ट की सलामी ली।भारतीय सेना के ध्रुव हेलीकॉप्टर ने आसमान से राष्ट्रीय ध्वज पर पुष्पवर्षा कर समारोह को भव्य बना दिया।
परेड का नेतृत्व वर्ष 2023 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रतीक ने किया। विभिन्न सुरक्षा एवं पुलिस टुकड़ियों ने अनुशासित कदमताल के साथ मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। समारोह में पुलिस और सुरक्षा जवानों के शौर्य और अनुशासन की झलक देखने को मिली।जवानों ने ऊंटों के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।समारोह के दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। राष्ट्रभक्ति गीतों और रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों में देशप्रेम का उत्साह भर दिया। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों और जवानों के रोमांचक करतबों ने समारोह का आकर्षण बढ़ा दिया।(साभार एजेंसी)
