(पटना,बिहार)16अगस्त,2026.
बिहार राज्य के गयाजी शहर के जीबी रोड स्थित शहीद स्मारक पर तीनों अमर शहीदों की जीवनी अंकित करने की मांग अब रंग लाती दिख रही है। स्थानीय लोगों द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद गया नगर निगम और जनप्रतिनिधियों ने पहल का भरोसा दिया है। उनका कहना है कि स्मारक पर वीरों की जीवनी लिखी जाएगी, ताकि नई पीढ़ी उनके बलिदान और देशभक्ति से प्रेरणा ले सके।
समाजसेवी लालजी प्रसाद ने मीडिया से बातचीत के दौरान मांग की थी कि कोतवाली थाना के समीप बने शहीद स्मारक पर तीनों अमर वीरों की जीवनी लिखी जानी चाहिए। उनका कहना था कि स्मारक केवल श्रद्धांजलि का प्रतीक नहीं,बल्कि युवाओं को इतिहास से जोड़ने का माध्यम भी होना चाहिए।
इस मुद्दे पर गया नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर सह स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य अखौरी ओंकारनाथ श्रीवास्तव उर्फ मोहन श्रीवास्तव से बातचीत की। उन्होंने शहीद स्मारक पर जीवनी लिखने के सवाल पर कहा कि नगर निगम ने शहीदों के सम्मान में विशेष पत्थरों से स्मारक का निर्माण कराया है। हालांकि, यह केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि केंद्र सरकार, राज्य सरकार, सांसद और विधायक की भी साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि यह मांग उनके संज्ञान में आई है और नगर निगम स्तर पर पहल कर तीनों अमर शहीदों की जीवनी स्मारक पर अंकित कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष और बलिदान को जान सकें।
जिला परिषद के उपाध्यक्ष शीतल प्रसाद ने भी इस मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि गया जिले के वीर शहीद कैलाश राम, भुई राम और जगन्नाथ मिश्रा की स्मृति में नगर निगम द्वारा कोतवाली थाना के पास स्मारक बनाया गया है। अब प्रयास होगा कि स्मारक परिसर में तीनों वीरों की संक्षिप्त जीवनी लिखी जाए(साभार एजेंसी)
