(जयपुर,राजस्थान)26अगस्त,2026
राजस्थान के जयपुर में सरकारी स्कूल की बदहाल स्थिति को लेकर चल रहे विवाद के बीच राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सांगानेर ब्लॉक के रंपुरा (कंवरपुरा) स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के नए भवन का निर्माण 1 सितंबर से शुरू होगा। यह वही स्कूल है, जो हाल ही में सीजेपी (Cockroach Janata Party) की ‘स्कूल ठीक करो’ मुहिम के दौरान टीम और ग्रामीणों के बीच हुए विवाद के बाद चर्चा में आया था। घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है।
स्कूल भवन के लिए 18 लाख रुपये मंजूर:
राज्य सरकार के मुताबिक, रंपुरा प्राथमिक स्कूल के नए भवन के निर्माण के लिए कुल 18 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसमें 13 अगस्त को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) से 12 लाख रुपये और विधायक निधि से 6 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सरकार ने बताया कि नए भवन का निर्माण कार्य 1 सितंबर से शुरू किया जाएगा। यह घोषणा देर रात उस घटना के बाद की गई,जब ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत गांव पहुंची सीजेपी की टीम का ग्रामीणों से विवाद हो गया था और टीम पर हमले का आरोप लगाया गया था।
CJP बोली-तत्काल मांग पूरी,लेकिन अभियान जारी रहेगा:
सरकार के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए सीजेपी के सह-संस्थापक और प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि रंपुरा स्कूल को लेकर पार्टी की तत्काल मांग पूरी हो गई है,लेकिन सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर उनका अभियान जारी रहेगा।(साभार एजेंसी)
