(लखनऊ,UP)06सितंबर,2026
यूपी में 2027 का विधानसभा चुनाव मजबूत संगठन के बलबूते और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चेहरे पर लड़ा जाएगा। यूपी विधानसभा चुनाव प्रभारी बनने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचे राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने मीडिया से बातचीत में इस बारे में इशारा किया।
विनोद तावड़े ने कहा कि सीएम योगी ने यूपी के विकास की गति को रफ्तार दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, यूपी के विकास को गति देने वाले सीएम योगी और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के दिशा-निर्देशन में एनडीए कार्यकर्ता पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे और एक बार फिर यूपी में जीत हासिल करेंगे।
नवीन भी बता चुके हैं योगी को चेहरा:
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी का पूरा फोकस संगठन की मजबूती पर है। साथ ही सरकार के विकास और कामकाज को भी चुनाव का आधार बनाने की तैयारी है। इससे पहले ज्यादातर शीर्ष नेता यह बात कह चुके हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहले ही यह स्पष्ट कर चुके हैं कि यूपी का चुनाव योगी के चेहरे पर ही लड़ा जाएगा। अब तावड़े ने भी इस ओर इशारा कर दिया है। तावड़े शनिवार को बिना किसी तामझाम के लखनऊ पहुंचे। उनका फोकस 2027 का विधानसभा चुनाव है। मीडिया से बातचीत में भी उन्होंने 2027 के चुनाव पर बोला और उसके बाद प्रदेश महामंत्रियों के साथ बैठक में चुनाव तैयारियों का फीडबैक लिया।
विकास को मुद्दा बनाएं:
तावड़े ने शाम को प्रदेश महामंत्रियों की बैठक में तैयारियों और योजना के बारे में पूछा। बैठक में आठ में से सात महामंत्री शामिल हुए। दिलीप पटेल आकस्मिक कारणों से शामिल नहीं हो सके। तावड़े ने पूछा कि विधानसभा चुनाव के लिए क्या तैयारी है और क्या मुद्दे होने चाहिए। महा मंत्रियों ने फीडबैक दिया कि विपक्ष लगातार इस चुनाव को जाति पर केंद्रित करने की कोशिश कर रहा है। वह पीडीए को ही मुद्दा बनाएगा।(साभार एजेंसी)
