(जयपुर,राजस्थान)06सितंबर,2026
उदयपुर में नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा ने लगातार कई कार्यकाल से नगर निगम बोर्ड पर अपना कब्जा बरकरार रखा है और इस बार भी जीत का सिलसिला कायम रखने के लिए पार्टी ने ‘मिशन 60+’ का लक्ष्य तय किया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उदयपुर पहुंचे। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में रोड शो आयोजित किया गया ।रोड शो,सूरजपोल से बापू बाजार होते हुए देहली गेट बैंक तिराहे तक निकाला गया। भाजपा की ओर से रोड शो को शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाने के साथ ही शहर में चुनावी माहौल को अपने पक्ष में मजबूत करना है।
रोड शो के बाद मुख्यमंत्री द्वारा एक स्थानीय होटल में भाजपा के प्रमुख नेताओं और पदाधिकारियों के साथ मैराथन समीक्षा बैठक की गई। बैठक में जिले के प्रमुख विधायक, पार्टी पदाधिकारी और चुनाव से जुड़े नेता शामिल हुए।
बैठक में 80 वार्डों के नए परिसीमन के बाद बदले राजनीतिक समीकरण, प्रत्याशियों की स्थिति और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके अलावा पार्टी के सामने चुनौती बने बागी प्रत्याशियों और संभावित भितरघात को लेकर भी रणनीति तैयार की गई।
भाजपा के सामने 60 से ज्यादा वार्ड जीतने की चुनौती भाजपा ने इस बार उदयपुर नगर निगम में 60 से अधिक वार्ड जीतने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए स्थानीय नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं।
तीन दशक से भाजपा के कब्जे में रहा है बोर्ड उदयपुर नगर निगम चुनाव भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है। वर्ष 1994 से अब तक हुए निगम चुनावों में भाजपा का दबदबा रहा है। इस बार वार्डों के नए परिसीमन और मेयर पद के सामान्य वर्ग के लिए ओपन होने से चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। अब मुख्यमंत्री के रोड शो और संगठनात्मक बैठक के बाद भाजपा किस रणनीति के साथ मैदान में उतरती है. इस पर सभी की नजरें रहेंगी।(साभार एजेंसी)
