प्रस्तावित नये कॉरिडोर से बदलेगी 500 गांवों की तस्वीर

Uttar Pradesh

(लखनऊ, UP)07सितंबर,2026.

उत्तर प्रदेश राज्य राजधानी क्षेत्र (एससीआर) में कनेक्टिविटी की सुविधा बढ़ाने के लिए रायबरेली के लालगंज से बाराबंकी तक सिक्स लेन हाईवे बनेगा। इसके लिए सर्वे का काम शुरू कर दिया गया है। यह हाईवे महाराजगंज और हैदरगढ़ होकर गुजरेगा। साथ ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, नेशनल हाईवे व राजमार्ग के साथ करीब 50 मार्गों को जोड़ेगा।

हैदरगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, लखनऊ-सुल्तानपुर नेशनल हाईवे के बाद बाराबंकी में इसे लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे से जोड़ा जाएगा। हैदरगढ़ में यातायात को कस्बे से बाहर निकालने के लिए वाईपास भी प्रस्तावित है। हाईवे का निर्माण लोक निर्माण विभाग कराएगा।

डीएम ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि एससीआर के तहत इस परियोजना पर विचार चल रहा है। पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता अजीत सोनकर ने बताया कि अभी सर्वे किया गया है। इस बड़े प्रोजेक्ट पर 1000 करोड़ रुपये की लागत आएगी। योजना के चलते बाराबंकी से नई सड़क तक करीब 37 किलोमीटर सड़क को फोरलेन करने का प्रस्ताव फिलहाल रोक दिया गया है।

प्रस्तावित सिक्स लेन में कोठी से बाराबंकी तक बांदा-बहराइच मार्ग का हिस्सा भी शामिल है।

इसके अलावा लालगंज, महाराजगंज, हैदरगढ़ और बाराबंकी क्षेत्र की करीब 50 छोटी-बड़ी सड़कें इससे जुड़ेंगी।

इससे आसपास के करीब 500 गांवों की तस्वीर बदलेगी। फिलहाल शासन से बजट की मंजूरी का इंतजार है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *