मुख्यमंत्री चौधरी ने की सूचना विभाग की समीक्षा

Bihar

(पटना,बिहार)24अक्टूबर,2026

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने आज लोक सेवक आवास के ‘संकल्प’ सभागार में सूचना एवं जन-संपर्क विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

इस बैठक में विभाग के सचिव, निदेशक, संयुक्त निदेशक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री जी ने विभाग की कार्यप्रणाली, संगठनात्मक ढांचे और आगामी योजनाओं का विस्तार से आकलन किया।

मुख्यमंत्री जी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार जनता के कल्याण और राज्य के विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। महिला सशक्तीकरण, युवाओं के लिए रोजगार, किसानों के हित, हर घर तक नल-जल, सड़कों का सुदृढ़ नेटवर्क, शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था में बेहतरी जैसी अनेक योजनाएं धरातल पर चल रही हैं, परंतु सूचना की कमी के कारण अंतिम पंक्ति के लोगों तक इनका पूरा लाभ नहीं पहुंच पाता। ऐसे में सूचना एवं जन-संपर्क विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की सभी योजनाओं, सफलताओं और लोक-कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को आम लोगों तक तेजी से, आसान भाषा में और असरदार तरीके से पहुंचाया जाए। ऐसी शब्दावली का प्रयोग हो, जो ग्रामीण क्षेत्र के सामान्य नागरिक को भी सहजता से समझ आए। इसके लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का एक साथ बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए, जिससे नागरिक जागरूक होकर सरकारी योजनाओं का अधिकतम फायदा ले सकें।

मुख्यमंत्री जी ने विकास परियोजनाओं, कानून-व्यवस्था और जनहित के अहम विषयों की दिन-रात निगरानी रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया पर कई बार गलत और दुष्प्रचार वाली सूचनाएं तेजी से प्रसारित होती हैं, जिससे शासन की छवि प्रभावित होती है और जनता में भ्रम फैलता है। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को और ज्यादा चुस्त, मजबूत और पेशेवर रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। हर भ्रामक सूचना का तथ्यात्मक जवाब देकर वास्तविक जानकारी तुरंत लोगों तक पहुंचाने को कहा।

इसके साथ ही उन्होंने विभाग, जिला और पंचायत स्तर पर प्राप्त होने वाले जन-प्रतिक्रिया, सुझावों और शिकायतों के समुचित प्रबंधन के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने पर जोर दिया। प्रत्येक शिकायत की मॉनिटरिंग हो और निर्धारित अवधि में उसका समाधान किया जाए। सोशल मीडिया निगरानी इकाई को और सशक्त बनाने तथा प्रत्येक जिले में सूचना व्यवस्था को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए।

अंत में मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सूचना एवं जन-संपर्क विभाग शासन और आम जनता के बीच कड़ी का काम करता है, इसलिए इसके कामकाज में पारदर्शिता, तत्परता और संवेदनशीलता का होना जरूरी है।(साभार सोशल मीडिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *