(लखनऊ,UP)12सितंबर,2026
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं. यूपी के 21 जिलों में EVM की प्रथम स्तरीय जांच यानी FLC (First Level Checking) का पहला चरण पूरा होने के बाद अब बाकी 54 जिलों में प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी. इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों और उप जिला निर्वाचन अधिकारियों को EVM की FLC की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और आयोग के निर्धारित मानकों की जानकारी दी जा रही है।
शुक्रवार को वाराणसी में छह मंडलों वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर, आजमगढ़, गोरखपुर और बस्ती के जिलों के अधिकारियों की कार्यशाला होगी. इसमें EVM की प्रथम स्तरीय जांच की पूरी प्रक्रिया, जरूरी सावधानियों और तकनीकी मानकों के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा. EVM बनाने वाली कंपनी Bharat Electronics Limited (BEL) के इंजीनियर भी अधिकारियों को तकनीकी जानकारी देंगे।
इसके बाद 14 सितंबर को लखनऊ में सात मंडलों लखनऊ, कानपुर, झांसी, चित्रकूट, मुरादाबाद, देवीपाटन और अयोध्या के जिलों के अधिकारियों की कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
चुनाव से पहले अहम प्रक्रिया है EVM की जांच:
विधानसभा चुनाव से पहले EVM की प्रथम स्तरीय जांच को चुनावी तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है. इस प्रक्रिया में मशीनों की तकनीकी स्थिति और कार्यक्षमता की जांच की जाती है. साथ ही यह सुनिश्चित किया जाता है कि चुनाव में इस्तेमाल होने वाली EVM आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप हों।(साभार एजेंसी)
