मुख्यमंत्री योगी द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)19सितंबर,2026

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर व सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ,आज लखनऊ में ‘मिशन रोजगार’ के अंतर्गत उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) एवं उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा विभिन्न विभागों में चयनित 818 अभ्यर्थियों के नियुक्ति-पत्र वितरण कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। उक्त नियुक्ति पत्र वितरण के अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवचयनित अभ्यर्थियों से संवाद भी किया।

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने नवचयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा- अपनी प्रतिभा, ऊर्जा एवं सेवाभाव को जनसेवा से जोड़ते हुए ईमानदारी, निष्ठा एवं पूर्ण समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। आपकी कर्मठता एवं कार्यक्षमता ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग एवं उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से विभिन्न विभागों में चयनित 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गये। इनमें व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग में अनुदेशक, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग में सहायक सांख्यिकीय अधिकारी, आयुष विभाग में प्रोफेसर, रीडर, लेक्चरर एवं फार्मासिस्ट तथा चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में एक्स-रे टेक्नीशियन पदों पर चयनित अभ्यर्थी शामिल हैं। यह पहल युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप अवसर प्रदान करने के साथ ही प्रदेश में रोजगार की संभावनाओं को विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के विस्तार के साथ युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।(साभार सू वि)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *