विश्व पर्यटन दिवस पर काशी में पर्यटकों का स्वागत

Uttar Pradesh

(वाराणसी,UP)27सितंबर,2026.

विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को वाराणसी में पर्यटकों के स्वागत और गंगा स्वच्छता को लेकर विभिन्न आयोजन हुए। गवर्नमेंट एप्रूव्ड टूरिस्ट गाइड्स एसोसिएशन (जीएटीजीए) की ओर से दशाश्वमेध घाट के पास पर्यटकों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। एसोसिएशन के सदस्यों ने पर्यटकों को विश्व पर्यटन दिवस की शुभकामनाएं दीं और काशी की संस्कृति, परंपरा और पर्यटन स्थलों के प्रति जागरूक किया।

यह देखकर पर्यटकों ने भी स्वागत करने वालों से कहा-वंडरफुल काशी। इस दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश तिवारी, महासचिव धर्मेंद्र तिवारी, उपाध्यक्ष राजीव पांडेय, कार्यकारिणी सदस्य अमन चौधरी व अविनाश गुप्ता तथा कोषाध्यक्ष अतनु बनर्जी मौजूद रहे।

वहीं, विश्व नदी दिवस और विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर नमामि गंगे की ओर से नमो घाट पर गंगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। गंगा तट की सफाई कर लोगों को नदी संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया गया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने लोगों को गंगा निर्मलीकरण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि नदियां स्वच्छ होंगी तो पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। स्वच्छ नदियां पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देती हैं।

उन्होंने कहा कि गंगा भारत की सांस्कृतिक धरोहर और सभ्यता का प्रतीक है। गंगा के बिना भारतीय सभ्यता और पर्यटन की कल्पना अधूरी है। उन्होंने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की कि गंगा में यात्रा या तीर्थाटन के दौरान किसी प्रकार का कूड़ा-कचरा न डालें और जिम्मेदार पर्यटक की भूमिका निभाएं। आयोजन में अविनाश तिवारी, रुचि पाठक, गोल्डी पाठक, अविनाश पाठक, विशाल भारद्वाज समेत बड़ी संख्या में पर्यटक और स्वयंसेवक शामिल रहे।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *