28 अक्तूबर से कुछ जिलों में बारिश की चेतावनी

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)24अक्टूबर,2026

बंगाल की खाड़ी में संभावित चक्रवाती तूफान का असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर भी पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 28 अक्तूबर से पूर्वी उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश का एक और दौर शुरू हो सकता है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र तेजी से मजबूत होकर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल सकता है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट बारिश के संकेत हैं। 28 अक्तूबर से खासकर पूर्वांचल में बेमौसम भारी बारिश हो सकती है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पूर्व-मध्य और उससे सटी दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र 24 अक्तूबर को अवदाब में बदल सकता है। इसके 25 अक्तूबर को गहन अवदाब और 26 अक्तूबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की प्रबल संभावना है। इसके बाद अगले दो दिनों में तूफान के और अधिक तीव्र होने और पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों की ओर बढ़ने के आसार हैं। शुक्रवार की देर रात और शनिवार को खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हवा के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी है।

उन्होंने बताया कि इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से 28 अक्तूबर से उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश हो सकती है। ऐसे में अक्तूबर के अंतिम सप्ताह में एक बार फिर बारिश के कारण जनजीवन और खेती-किसानी प्रभावित होने की आशंका है। पूर्वांचल में 28 से भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है।शुक्रवार को बांदा मेें अधिकतम तापमान सबसे अधिक 34 डिग्री दर्ज किया गया तो वहीं न्यूनतम तापमान बरेली में सबसे कम 16.2 डिग्री दर्ज किया गया।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *