अमोनिया आपूर्ति बहाल,बनी रहेगी आलू की सप्लाई

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)20मार्च,2026.

कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस की कमी से पैदा हुआ संकट समय रहते टल गया, जिससे आलू की सप्लाई और कीमतों पर पड़ने वाला असर भी थम गया। प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में इस बारे में जानकारी दी। केंद्र सरकार व प्रधानमंत्री का आभार जताया।

मंत्री ने कहा कि अगर कोल्ड स्टोरेज में रखा आलू खराब होता तो बाजार में इसकी कमी हो जाती और दाम तेजी से बढ़ सकते थे। इससे सीधा असर आम लोगों की रसोई पर पड़ता। इसलिए जैसे ही संकट का अंदेशा हुआ तत्काल प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार से संपर्क किया।

जिसमें जानकारी दी गई कि अमोनिया की किल्लत की वजह से लाखों टन आलू खराब हो सकता है। इससे सप्लाई से लेकर किसानों पर असर पड़ेगा। केंद्र सरकार ने मामले का संज्ञान लिया और 24 घंटे के भीतर अमोनिया बहाल हुई। जिसकी वजह से आलू सप्लाई पर किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई।

नुकसान के साथ महंगाई भी टली:
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार पहले ही ओडिशा के साथ 15 लाख मीट्रिक टन आलू खरीदने का समझौता कर चुकी है, जिससे बाजार में आपूर्ति बनी रहे। मंत्री ने कहा कि समय पर उठाए गए इन कदमों से न केवल किसानों का नुकसान टला बल्कि आम जनता को भी महंगाई की मार से बचाया जा सका। बताया कि त्वरित कार्यवाही से किसानों के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं को भी बड़ी राहत मिली है। (साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *