“लोक संस्कृति हमारी आत्मा है”-सीएम धामी

Uttarakhand

(देहरादून)31अक्टूबर,2026.

आज रेंजर्स कॉलेज ग्राउंड, देहरादून में अखिल गढ़वाल सभा द्वारा आयोजित उत्तराखंड कौथिग-2026 में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत के संरक्षण के लिए सभा के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति हमारी पहचान ही नहीं, आत्मा भी है। लोकभाषा, लोकगीत, लोकनृत्य, वेशभूषा और मेले हमारी गौरवशाली विरासत का हिस्सा हैं। इन्हें भावी पीढ़ी तक पहुंचाना हम सबका दायित्व है।

सीएम ने कहा कि कौथिग जैसे आयोजन नई पीढ़ी को जड़ों से जोड़ते हैं। यहां हस्तशिल्प, जैविक उत्पादों और उत्तराखंडी व्यंजनों के स्टॉल स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने में मदद कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार ‘विकास भी, विरासत भी’ मंत्र पर काम कर रही है। केदारनाथ-बदरीनाथ पुनर्विकास, वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम से सीमांत क्षेत्रों में सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को गांव में ही रोजगार देना है। ‘एक जनपद-दो उत्पाद’, ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’, होम-स्टे, कृषि, बागवानी और मधुमक्खी पालन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। वेड इन उत्तराखंड और शीतकालीन पर्यटन से रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं।

उन्होंने बताया कि लखपति दीदी अभियान से 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति बनी हैं। स्टार्टअप रैंकिंग में लीडर श्रेणी, SDG इंडेक्स में शीर्ष प्रदर्शन और रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत वृद्धि राज्य की प्रगति के प्रमाण हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।(साभार सू वि)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *