“लघु भारत का दर्शन है यह खेल समारोह”-सीएम धामी

Uttarakhand

(देहरादून)04नवंबर,2026

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज गाजियाबाद में विद्या भारती द्वारा आयोजित 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह-2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने अलग-अलग प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों की मौजूदगी इस आयोजन को विशेष बनाती है। हिमालय के सीमांत क्षेत्रों से लेकर कन्याकुमारी और पश्चिमी सीमावर्ती क्षेत्रों से लेकर पूर्वोत्तर तक के खिलाड़ियों का एक मंच पर एक साथ आना लघु भारत का दर्शन कराता है।

उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के संस्मरण साझा करते हुए कहा कि विभिन्न भाषाओं, वेशभूषाओं और परिवेश से आए खिलाड़ियों को एक साथ देखकर बहुत प्रसन्नता हो रही है। खेल का मैदान सभी को एक धागे में जोड़ता है। यहां खिलाड़ी केवल प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं लेते, बल्कि एक-दूसरे की संस्कृति और परंपराओं को समझने का अवसर भी पाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्या भारती शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण काम कर रही है। साल 1952 में गोरखपुर में पहले सरस्वती शिशु मंदिर की स्थापना से शुरू हुई यह यात्रा आज देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंच चुकी है। विद्या भारती द्वारा सीमांत, ग्रामीण, जनजातीय और वंचित क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उत्तराखण्ड में भी संस्था के विद्यालय शिक्षा और संस्कारों के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में शिक्षा के साथ शारीरिक विकास को भी विशेष महत्व दिया गया है। हमारे शास्त्रों में कहा गया है कि ‘शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्’, अर्थात स्वस्थ शरीर ही जीवन के कर्तव्यों और लक्ष्यों की प्राप्ति का आधार है।

मुख्यमंत्री ने पेरिस पैरालंपिक-2024 में रजत पदक विजेता श्री निषाद कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास और कठिन परिश्रम से बड़ी से बड़ी कामयाबी हासिल की जा सकती है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस समारोह में भाग लेने वाले खिलाड़ी भी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसी पहलों से युवाओं में खेलों और शारीरिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ी है। सामान्य परिवारों की खेल प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता दिखाने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार भी प्रदेश में खेल सुविधाओं और संसाधनों के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए निरंतर कार्य हो रहा है। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिले और राज्य के युवा खेलों में बेहतर भविष्य बना सकें।

उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने आयोजन के सफल संचालन के लिए विद्या भारती के पदाधिकारियों, आचार्यों, प्रशिक्षकों और आयोजन से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं की सराहना की।

इस अवसर पर श्री महेश गुप्ता, विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के महामंत्री श्री देशराज शर्मा, अखिल भारतीय सह-संगठन मंत्री श्री यतीन्द्र कुमार शर्मा, अखिल भारतीय संयोजक खेल विभाग श्री मुक्तेश बगेशा, डॉ. विजय पाल सहित संस्था के पदाधिकारी, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे। (साभार सू वि)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *