“विकसित उत्तराखंड 2047 हमारा संकल्प”-मुख्यमंत्री धामी

Uttarakhand

भराड़ीसैंण (गैरसैंण)27 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प उत्तराखंड को वर्ष 2047 तक विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाना है। गैरसैंण में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अनुपूरक बजट इसी सोच के साथ तैयार किया गया है, जिसमें वर्तमान जरूरतों के साथ भविष्य की प्राथमिकताओं का ध्यान रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 वर्षों में उत्तराखंड ने लंबी विकास यात्रा तय की है। वर्ष 2022 में प्रदेश की जीडीपी 2.55 लाख करोड़ थी, जो 2026-27 में बढ़कर 3.82 लाख करोड़ होने का अनुमान है। प्रति व्यक्ति आय 1.95 लाख से बढ़कर 2.74 लाख हो गई है। स्टार्टअप 702 से बढ़कर 1,978 और एमएसएमई इकाइयां 60 हजार से एक लाख तक पहुंच गई हैं। नीति आयोग के SDG इंडेक्स 2023-24 में उत्तराखंड ने 79 अंकों के साथ देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

उन्होंने बताया कि ₹7,844.18 करोड़ के अनुपूरक बजट में ₹4,164.32 करोड़ पूंजीगत और ₹3,679.86 करोड़ राजस्व मद में रखे गए हैं। स्थानीय निकायों की हिस्सेदारी 10.5% से बढ़ाकर 12.5% करने के लिए ₹721 करोड़, अन्नपूर्ति योजना के तहत धान-गेहूं खरीद के लिए ₹1,100 करोड़, जल जीवन मिशन के लिए ₹300 करोड़, गैरसैंण जलापूर्ति बांध के लिए ₹122 करोड़ और दिव्य कुंभ की तैयारियों के लिए ₹290 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

स्वास्थ्य में अटल आयुष्मान के लिए ₹100 करोड़, गोल्डन कार्ड के लिए ₹125 करोड़, मेडिकल कॉलेजों के लिए ₹160 करोड़ और डिजिटल लर्निंग के लिए ₹200 करोड़ रखे गए हैं। युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना, खेल विश्वविद्यालय और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज को भी बजट में प्राथमिकता मिली है।(साभार सू वि)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *