(जयपुर,राजस्थान)05नवंबर,2026
राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने आज जयपुर के रामलीला मैदान में आयोजित “लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ” जनसभा को संबोधित किया और लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं और जनता के जनादेश के सम्मान के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता व्यक्त की।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता का विश्वास और उसका जनादेश है। उन्होंने कहा कि अपनी हार पर आत्मचिंतन करने के बजाय लोकतांत्रिक संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप लगाकर उन्हें बदनाम करने वालों को देश की जागरूक जनता भली-भांति पहचान चुकी है। जनादेश का सम्मान करना ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी मर्यादा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के यशस्वी नेतृत्व में देश की जनता ने विकास और सुशासन की नीतियों पर अपना अटूट विश्वास जताया है। इसी जनविश्वास की शक्ति से लोकतंत्र सशक्त हो रहा है और विकसित भारत का संकल्प निरंतर साकार हो रहा है।
इस अवसर पर माननीय केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी, पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष श्री मदन राठौड़ जी, प्रदेश प्रभारी श्री संजय भाटिया जी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री अजेय कुमार जी सहित मंत्रीगण, जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में पार्टी के समर्पित कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।(साभार सोशल मीडिया)
