सीएम योगी का जनता दर्शन,फरियादियों की समस्याओं के दिए त्वरित निस्तारण के आदेश

Uttar Pradesh

(गोरखपुर,UP)09नवंबर 2026

श्रीगोरखनाथ मंदिर परिसर में सोमवार सुबह आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने 125 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने एक-एक फरियादी के पास जाकर उनकी शिकायतों को जाना और प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि चिंता मत करिए, सरकार हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें। शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई करते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक समाधान कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से होना चाहिए।

फरियादियों के पास खुद पहुंचे मुख्यमंत्री

दिवाली के दिन रविवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने जनता दर्शन किया। यहां फरियादियों को कुर्सियों पर बैठाया गया था। मुख्यमंत्री खुद उनके बीच पहुंचे और एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रार्थना पत्र लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अलग-अलग मामलों से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के लिए मुख्यमंत्री ने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजे। उन्होंने निर्देश दिया कि हर शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई हो और पीड़ित को समाधान से संतुष्ट किया जाए।

इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने वालों को दिया भरोसा

जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के उच्चस्तरीय इलाज के लिए जल्द से जल्द इस्टीमेट तैयार कराकर उपलब्ध कराया जाए। इस्टीमेट मिलते ही सरकार की ओर से इलाज के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।

बच्चों को दुलारा, चॉकलेट देकर किया प्यार

जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी पहुंची थीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेह और आशीर्वाद दिया। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट भी दी और उनकी कुशलक्षेम पूछी।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *