राज्य स्थापना दिवस पर सीएम धामी ने लॉन्च की विकास पुस्तिका

Uttarakhand

(देहरादून )09 नवंबर 2026.

उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज, गढ़ी कैंट देहरादून में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका 2026 ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान’ का लोकार्पण किया।

प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तिका प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न सेक्टरों में प्राप्त उपलब्धियों का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। यह पुस्तिका जनता के सामने सरकार के कामकाज का लेखा-जोखा रखने के साथ ही भविष्य की जिम्मेदारियों की भी याद दिलाती है।

मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए आंदोलनकारियों के संघर्ष और योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण जनता के दीर्घकालीन संघर्ष और बलिदान से हुआ है। राज्य निर्माण में मातृशक्ति का अहम योगदान रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में अलग उत्तराखण्ड राज्य का सपना पूरा हुआ। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य को समृद्ध और विकसित बनाने के लिए लगातार काम हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का सही मतलब केवल योजनाओं और आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि उसका सकारात्मक असर आम लोगों के जीवन में दिखना चाहिए। गांव तक सड़क पहुंचने से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती हैं, स्कूलों में अच्छी सुविधा मिलने से बच्चों के सपनों को नई उड़ान मिलती है और लोकल स्तर पर रोजगार बढ़ने से पलायन की समस्या दूर होती है। सरकार का लक्ष्य लोगों की परेशानियों को कम करना और हर परिवार का भविष्य बेहतर बनाना है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड में बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना राज्य के विकास को नई रफ्तार दे रही हैं। हवाई और हेली सेवाओं के विस्तार से दूरस्थ इलाकों की कनेक्टिविटी सुधर रही है, जिससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार की संभावनाएं बढ़ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार कर रही है। हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लक्ष्य पर काम हो रहा है। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर में स्पेशलिस्ट चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार और किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर जैसी सुविधाओं से हेल्थ सेवाएं और मजबूत होंगी। स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जी-20 बैठकों के सफल आयोजन से उत्तराखण्ड को वैश्विक पहचान मिली है, जबकि 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन ने प्रदेश की खेल प्रतिभा और आयोजन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया। मानसखंड मंदिर माला मिशन, शीतकालीन यात्रा और नए पर्यटन स्थलों के विकास से पर्यटन को साल भर रोजगार और आजीविका से जोड़ने की कोशिश हो रही है। सरकार चाहती है कि पर्यटन का लाभ स्थानीय लोगों, होमस्टे संचालकों और छोटे व्यापारियों तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से प्रदेश में निवेश को बढ़ावा मिला है और निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारने की दिशा में लगातार काम चल रहा है। वर्ष 2025-26 के अनुमानों के मुताबिक प्रदेश की अर्थव्यवस्था करीब 3.82 लाख करोड़ रुपये की है, जबकि 2026-27 का बजट 1 लाख 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। सरकार की कोशिश है कि बढ़ती आर्थिक ताकत का फायदा किसानों, युवाओं, महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों को बाजार दिलाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। सरकार गांवों में बेहतर सुविधा और आजीविका के मौके विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि युवाओं को अपने गांव में ही आगे बढ़ने का अवसर मिले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान, प्राकृतिक संपदा और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है। प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की गई है। सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून, भू-कानून और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जैसे फैसले राज्य और यहां के लोगों के हित में लिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की उपलब्धियां संतोष देती हैं, लेकिन जिम्मेदारियां और अधिक काम करने की प्रेरणा देती हैं। हर गांव तक बेहतर सुविधा पहुंचाने, रोजगार के नए अवसर बनाने, खेती को लाभकारी बनाने और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है। संबोधन के अंत में उन्होंने ‘अभी बहुत आगे हमें जाना है’ कविता की पंक्तियों के साथ राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित उत्तराखण्ड बनाने का संकल्प दोहराया।

इस मौके पर महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राज्य स्थापना दिवस पर भेजे गए शुभकामना संदेश का वाचन किया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी एवं खजान दास, विधायक विनोद चमोली एवं सविता कपूर, देहरादून महापौर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु एवं डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव सूचना शैलेश बगौली, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह बिष्ट, सचिव विनय शंकर पांडेय, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।(साभार सू वि)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *