(देहरादून)12नवंबर ,2026
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के तहत बुधवार को नई दिल्ली में आवास और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड ने स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि दर्ज की। मंत्रालय ने शहरी स्वच्छता और कचरा प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य के लिए उत्तराखंड के काशीपुर नगर निगम को प्रदेश में प्रथम और रुद्रपुर नगर निगम को हिमालयी राज्यों की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड में शहरी स्वच्छता, स्वच्छता प्रबंधन में सुधार और शहरी स्थानीय निकायों द्वारा किए जा रहे नवाचारों पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छता को लेकर निकायों द्वारा किए जा रहे समन्वित प्रयासों का ही नतीजा है कि प्रदेश के शहर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं।
इस अवसर पर काशीपुर के महापौर दीपक बाली, रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा, शहरी विकास विभाग के निदेशक विनोद गोस्वामी, काशीपुर नगर आयुक्त रवीन्द्र बिष्ट, रुद्रपुर नगर आयुक्त शिप्रा जोशी और स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के राज्य मिशन प्रबंधक मनोज पांडे मौजूद रहे।
यह कार्यक्रम मुख्य रूप से स्वच्छता पहल को सुदृढ़ करने, स्वच्छता के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने, प्रभावी कचरा प्रबंधन सुनिश्चित करने और स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बेहतर प्रदर्शन के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने पर केंद्रित था। इस पहल ने स्वच्छ, स्वस्थ और टिकाऊ शहरों के निर्माण की दिशा में शहरी निकायों की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।(साभार सू वि)
