राष्ट्रपति मुर्मू ने जमुई के दो आदिवासी टॉपरों को किया सम्मानित

Bihar

(पटना,बिहार)14नवंबर,2026

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सरकार के नेतृत्व में जनजातीय समुदाय के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। विशेष रूप से इस समुदाय के युवा वर्ग और छात्र-छात्राओं को शिक्षा से लेकर रोजगार तक जोड़ने के लिए विभिन्न स्तरों पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बिहार को एक गौरवपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है।

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे जनजातीय गौरव पखवाड़ा के अंतर्गत गुरुवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में बिहार के दो मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

सम्मानित हुए दोनों विद्यार्थी अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, आस्ता, झाझा (जमुई) के छात्र हैं। इनके नाम अजय बास्के और सुभाष कुमार टुडू हैं। दोनों ने शैक्षणिक सत्र 2024-26 में अपने-अपने संकाय में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया था।

कला संकाय में सुभाष कुमार टुडू ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में टॉप किया था, जबकि विज्ञान संकाय में अजय बास्के ने 79.4 प्रतिशत अंक हासिल कर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया था। उनकी इसी शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए उन्हें राष्ट्रपति भवन में आयोजित गरिमापूर्ण कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया। विभाग ने दोनों छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।(साभार सोशल मीडिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *