जनगणना-2027 के लिए सीएम योगी ने कराई स्व-गणना,30 नवंबर तक भाग लेने का आह्वान

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)20 नवंबर 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर में जनगणना-2027 के अंतर्गत अपनी स्व-गणना की प्रक्रिया को पूरा किया। मुख्यमंत्री ने आधिकारिक पोर्टल पर स्वयं और अपने परिवार का विवरण दर्ज कर स्व-गणना संपन्न की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, नीतियों के निर्माण और संसाधनों के न्यायपूर्ण वितरण के लिए अत्यंत आवश्यक आधार देती है। सटीक और अद्यतन आंकड़ों के बिना किसी भी योजना को प्रभावी रूप से लागू करना संभव नहीं है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपनी सही जानकारी समय पर दर्ज कराए।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि आगामी 30 नवंबर तक आधिकारिक पोर्टल http://se.census.gov.in पर स्वयं एवं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर स्व-गणना में अवश्य भाग लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व-गणना की प्रक्रिया अत्यंत सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक है, जिसे घर बैठे ही मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से पूर्ण किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें सभी की भागीदारी से देश को सही दिशा में आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिया कि स्व-गणना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि कोई भी परिवार इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।(साभार सोशल मीडिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *