(नई दिल्ली)21नवंबर,2026
दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने आज कमला नेहरू कॉलेज के कॉलेज डे समारोह में नए ‘वंदे मातरम’ अकादमिक ब्लॉक का उद्घाटन किया और दो यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल बस रूट लॉन्च किए। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा ही बेटियों की सबसे बड़ी ताकत है, और दिल्ली सरकार का संकल्प है कि कोई भी बेटी सिर्फ दूरी या असुरक्षा के कारण अपने सपनों से पीछे न रह जाए। नए अकादमिक ब्लॉक से कॉलेज में आधुनिक कक्षाओं, बेहतर सुविधाओं और सीखने के लिए अनुकूल वातावरण को बढ़ावा मिलेगा।
इसी कार्यक्रम में शुरू किए गए दो नए रूट छात्राओं की यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएंगे —
लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन → गार्गी कॉलेज
ग्रीन पार्क मेट्रो स्टेशन → कमला नेहरू कॉलेज
ये बसें विशेष रूप से छात्राओं के लिए संचालित होंगी, जिससे मेट्रो से कॉलेज तक की अंतिम दूरी तय करना आसान, सुरक्षित और समय पर हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये पहल कॉलेज यात्राओं को सुरक्षित बनाने और शिक्षा को अधिक सुलभ बनाने का उद्देश्य लेकर आई है, जिससे हमारी बेटियाँ अपने सपनों को आत्मविश्वास के साथ पूरा कर सकें।
उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे निडर होकर आगे बढ़ें, पढ़ाई में उत्कृष्टता हासिल करें और समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में कॉलेज प्रशासन, शिक्षक, छात्राएं और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।(साभार सोशल मीडिया)
