सिंहस्थ से पहले रेलवे का बड़ा एक्शन :15 हजार वर्गफीट जमीन खाली

Madhya Prdesh

(उज्जैन,म.प्र.)21नवंबर,2026

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत रेलवे ने शनिवार सुबह माधव नगर रेलवे स्टेशन के बाहर अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। सुबह करीब 5 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 8 के पास रेलवे की जमीन पर बने एक दर्जन से अधिक मजार, मस्जिद कलंदरी, शाही मकबरा और अन्य निर्माणों को 6 जेसीबी मशीनों की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई में रेलवे ने करीब 15 हजार वर्गफीट जमीन अतिक्रमण मुक्त कराई। सुबह-सुबह भारी पुलिस बल के साथ हुई इस कार्रवाई ने सभी का ध्यान खींच लिया।

कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मौके पर 80 से अधिक आरपीएफ जवानों के साथ जीआरपी और विभिन्न थानों का पुलिस बल तैनात रहा। रेलवे के अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से एसडीएम पवन बारिया और सीएसपी दीपिका शिंदे ने मोर्चा संभाला। शांतिपूर्ण कार्रवाई के लिए प्रशासन ने पहले से ही पूरी तैयारी कर रखी थी।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद हुई कार्रवाई
रेलवे पीआरओ मुकेश कुमार और आरपीएफ थाना प्रभारी राजीव उपाध्याय ने बताया कि संबंधित जमीन रेलवे की है। अवैध अतिक्रमण के मामले में हाईकोर्ट से स्टे खारिज होने और रेलवे के पक्ष में फैसला आने के बाद यह कार्रवाई की गई। अतिक्रमण हटाने के लिए पहले भी कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्माण नहीं हटाए गए। इसके बाद हाईकोर्ट के निर्देशानुसार शांतिपूर्ण ढंग से कार्रवाई की गई।

वक्फ कमेटी ने जताया विरोध, कोर्ट जाने की चेतावनी दी
दूसरी ओर, वक्फ कमेटी के अध्यक्ष काजी मौलाना आरिफ नदवी ने रेलवे की कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे ने गलत तरीके से मस्जिद कलंदरी, शाही मकबरा, एक दर्जन से अधिक मजारों और मुतवल्ली के मकान को तोड़ा है।

नदवी का कहना है कि इस जमीन से जुड़ा मामला अभी भी भोपाल वक्फ ट्रिब्यूनल कोर्ट में लंबित है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति को फर्जी किरायेदार बताकर तड़के यह कार्रवाई की गई। कमेटी ने इसके खिलाफ कोर्ट ऑफ कंटेम्प्ट (अवमानना याचिका) दायर करने की चेतावनी दी है।

अब जमीन पर बनेगा होल्डिंग और वेटिंग एरिया
रेलवे पीआरओ मुकेश कुमार के अनुसार, सिंहस्थ महापर्व को देखते हुए स्टेशन परिसर का विस्तार और निर्माण कार्य कराया जा रहा है। अतिक्रमण के कारण इन कार्यों में बाधा आ रही थी। अब अतिक्रमण मुक्त कराई गई करीब 15 हजार वर्गफीट जमीन पर सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं के लिए होल्डिंग और वेटिंग एरिया बनाया जाएगा, जिससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी और स्टेशन पर भीड़ का दबाव कम होगा।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *