पीएम मोदी बोले,बिहार अब अंधेरे से उजाले और घोटाले से निवेश की ओर बढ़ चला है

Bihar

(वैशाली,बिहार)21नवंबर,2026

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के वैशाली में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार ने लंबी यात्रा तय कर विकास की नई दिशा पकड़ी है। एक समय था जब राज्य के हजारों गांवों में बिजली नहीं पहुंची थी, लेकिन आज बिहार बिजली उत्पादन का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के शासन में बिहार में विकास की रफ्तार बढ़ी है और इसका असर राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि शहरी यातायात को सुविधाजनक बनाने के लिए 100 आधुनिक पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाई गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों गरीब परिवारों को पक्के घरों की चाबियां भी सौंपी गई हैं। उन्होंने इन विकास कार्यों के लिए बिहार की जनता को बधाई दी।

पहले घोटालों की गिनती, अब निवेश की चर्चा
पीएम मोदी ने बिहार की पिछली और मौजूदा सरकारों के कामकाज की तुलना करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एनडीए शासन से पहले बिहार में घोटालों की गिनती होती थी और अपराध के आंकड़ों की चर्चा होती थी। अब राज्य में निवेश के आंकड़े सामने आते हैं और अपराधियों पर कार्रवाई की बात होती है। उन्होंने कहा कि उत्तर बिहार से लेकर नालंदा, गया, शाहाबाद, कैमूर और राजधानी पटना तक विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। डबल इंजन सरकार में बिहार के विकास की रफ्तार पिछले एक साल में हुए कामों से साफ दिखाई देती है।

कांग्रेस पर तीखा हमला
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस गरीबी हटाओ के नारे लगाती थी लेकिन गरीबों के लिए काम नहीं करती थी। जब साफ नीयत से काम होता है तो नतीजे भी दिखते हैं, जिस देश में कांग्रेस दशकों तक गरीबी हटाओ के नारे लगाती रही, गरीबों को गुमराह करती रही और वोट लूटती रही, वहां 12 साल के अंदर हमलोगों ने 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला। उन्होंने इसे सरकार की इच्छाशक्ति और गरीब कल्याण की योजनाओं का परिणाम बताया। पीएम ने कहा कि गरीबी के खिलाफ देश की लड़ाई इसलिए सफल हो रही है, क्योंकि सरकार ने करोड़ों गरीबों के जीवन को आसान बनाने और उन्हें बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी है।

बिहार में दो लाख करोड़ से अधिक के निवेश समझौते
प्रधानमंत्री ने बताया कि एनडीए सरकार के कार्यकाल में बिहार में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौते किए गए हैं। गया में छह हजार करोड़ रुपये की स्टील परियोजना पर काम शुरू हो रहा है। इसके अलावा मोतिहारी और मधेपुरा की चीनी मिलों को दोबारा चालू करने के लिए नई गन्ना प्रोत्साहन नीति लाई गई है। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई की सुविधा देने के लिए हर खेत तक पानी पहुंचाने की दिशा में 11 हजार नए नलकूप लगाने की पहल की गई है। सिंचाई के लिए 12 घंटे बिजली सुनिश्चित करने का ऐतिहासिक निर्णय भी लिया गया है।

एक साल में 200 से अधिक नए डिग्री कॉलेज
पीएम मोदी ने शिक्षा के क्षेत्र में हुए कामों का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में एक साल के भीतर 200 से अधिक नए डिग्री कॉलेज शुरू किए गए हैं। बेटियों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मां सीता महिला विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास से जुड़े काम इतने व्यापक हैं कि उन्हें किसी एक मंच से गिनाना संभव नहीं है। राज्य में हो रहे बदलाव को यहां आकर ही महसूस किया जा सकता है।

मुफ्त अनाज से लेकर पक्के मकान तक
पीएम मोदी ने गरीब कल्याण की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज उपलब्ध करा रही है। करोड़ों परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं, ताकि उन्हें सुरक्षित जीवन मिल सके। आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी गई है। उन्होंने कहा कि शौचालय, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं गरीब परिवारों तक पहुंचाकर उन्हें सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर दिया गया है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *