(मथुरा) 22सितंबर,2024.
मथुरा नगर निगम के यमुना पार क्षेत्र में लाखों की लागत से नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही घरों से निकलने वाले दूषित पानी की निकासी के लिए नालियों का निर्माण भी किया जाएगा। इस कार्य की शुरुआत जल्द होने जा रही है।
नगर निगम के वार्डों में खस्ताहाल मार्गों की दशा सुधारने के लिए निर्माण विभाग ने उन मार्गों को चिह्नित किया है, जहां नवीन मार्ग की ज्यादा आवश्यकता है और दूषित पानी की निकासी के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। इसी क्रम में नगर निगम द्वारा वार्ड दो डॉ. आबेडकर नगर में नवीन सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही सड़क के दोनों ओर पक्की नाली का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा वार्ड 19 में सुखदेवपुरा के सामने नए मार्ग एवं नाली का निर्माण किया जाएगा। इन दोनों मार्गों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने जा रहे हैं। मार्गों के निर्माण के लिए बेस तैयार करने का कार्य शुरू हो गया है।
नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार ने बताया कि नगर के वार्डों में जिन मार्गों के निर्माण की ज्यादा आवश्यकता है, उन मार्गों और गलियों का निर्माण 15 वें वित्त से किया जा रहा है। यमुना पार क्षेत्र के दो वार्डों में दो मार्ग का निर्माण किया जाएगा। यह कार्य लगभग 20 लाख रुपये से किए जाएंगे। आने वाले समय समय में अन्य वार्डों में भी नवीन गलियों और मार्गों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए प्रस्तावित मार्ग टेंडर प्रक्रिया में हैं।(साभार एजेंसी)