चारबाग रेलवे स्टेशन पर दोबारा शुरू होगी प्रीपेड टैक्सी सेवा,2019 के बाद से बंद थी यह सुविधा

Uttar Pradesh

(लखनऊ UP)2025.

चारबाग रेलवे स्टेशन पर प्रीपेड टैक्सी सेवा दोबारा शुरू होगी। पार्किंग के लिए नए सिरे से हो रहे टेंडर में इसे भी शामिल किया जा रहा है। प्रीपेड टैक्सी सेवा शुरू होने से यात्रियों को सुरक्षा की गारंटी मिल सकेगी।

आलमबाग से ऑटो में बिठाकर जबरन मलिहाबाद ले जाई गई अयोध्या निवासी महिला से दुष्कर्म व हत्या के बाद ऑटो, ई रिक्शे में यात्रियों की सुरक्षा पर गत दिवस अमर उजाला ने खबरें प्रकाशित की थीं। इसके जरिये चारबाग रेलवे स्टेशन पर 2019 में बंद हुए प्रीपेड टैक्सी सेवा का मुद्दा भी उठाया गया। इसका संचालन जीआरपी करती थी, जो ऑटो चालकों से प्रति राउंड पांच रुपये लेती थी।

जीआरपी ऑटो चालक की डिटेल के साथ यात्रियों का विवरण भी लेती थी। किराया भी फिक्स था। इससे यात्रियों को सुरक्षा की गारंटी मिलती थी। सामान ऑटो में छूटने पर उसे आसानी से लौटाया भी जाता था। ऑटो चालकों से लिए जाने वाले पांच रुपये को जीआरपी कर्मियों के हितों पर खर्च किया जाता था, लेकिन एक आरटीआई में इस मद में आई धनराशि व उसके खर्च का हिसाब नहीं मिलने के बाद यह सेवा बंद कर दी गई थी। वहीं, यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए उत्तर रेलवे प्रशासन ने संजीदगी दिखाई है और इस सेवा को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है।

पार्किंग ठेकेदार संभालेगा प्रीपेड बूथ:
चारबाग स्टेशन पर पार्किंग का टेंडर नए सिरे से करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस बार पार्किंग ठेकेदार को प्रीपेड बूथ की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी। इस टैक्सी सेवा का संचालन ठेकेदार करेगा, जिसमें जीआरपी सहयोग करेगी। इसके लिए ऑटो चालकों से कोई शुल्क लिया जाएगा या नहीं, इस पर अफसर विचार-विमर्श कर रहे हैं।

नए सिरे से हो रहे हैं टेंडर:
चारबाग स्टेशन पर पार्किंग टेंडर नए सिरे से हो रहे हैं। पार्किंग ठेकेदार ही प्रीपेड बूथ का संचालन करेगा। इसमें जीआरपी सहयोग करेगी। यात्रियों को तय रेट पर ऑटो उपलब्ध हो सकेगा। -कुलदीप तिवारी, सीनियर डीसीएम, उत्तर रेलवे (साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *