हस्तिनापुर में ढाई करोड़ से बनेगा प्राचीन बूढ़ी गंगा का घाट

Uttar Pradesh

(मेरठ UP)25मई,2025.

महाभारत कालीन ऐतिहासिक नगरी में प्राचीन बूढ़ी गंगा की विलुप्त होती धारा को नया रूप देने के लिए जहां एनजीटी की ओर से कार्रवाई की जा रही है। वहीं दूसरी ओर नगर पंचायत ने भी श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए बूढ़ी गंगा के घाट का निर्माण कराने के लिए ढाई करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा है।

नगर पंचायत की चेयरपर्सन सुधा खटीक ने बूढ़ी गंगा घाट के सुंदरीकरण की मांग की है। बूढ़ी गंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले गंगा स्नान मेले में हजारों श्रद्धालु अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए दीपदान और पिंडदान करने आते हैं।

प्राचीन धारा से हस्तिनापुर का महाभारत काल से एक अनोखा नाता रहा है और यह हस्तिनापुर में महाभारत काल की एक प्राचीन धारा है। मान्यता है कि महाभारत काल में गंगा हस्तिनापुर से मिलकर बहती थी। द्वापर युग के बाद वह यहां से दूर चली गई आज गंगा की दूरी पांच किलोमीटर है परंतु यहां पर एक प्राचीन धारा का स्रोत आज भी प्रवाहित है जिसे बूढ़ी गंगा के नाम से जाना जाता है। नगर पंचायत की चेयरपर्सन सुधा खटीक ने उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास विभाग मंत्री अरविंद कुमार शर्मा को पत्र भेजकर पंडित दीनदयाल नगर विकास योजना के तहत ढाई करोड़ रुपये के बजट की मांग की है। जिससे इस प्राचीन धारा का घाट बनाया जा सके और जीर्णोद्धार कराया जा सके जिससे यहां पर इको टूरिज्म को भी बढ़ावा मिले।

कई स्थानों पर विलुप्त है बूढ़ी गंगा
बूढ़ी गंगा पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जे किए हैं। राजनीतिक संरक्षण के चलते स्थानीय स्तर के अधिकारी भी कोई कार्रवाई नहीं करते। जिस कारण लगातार यह प्राचीन धारा विलुप्त होती जा रही है।

कब्जा मुक्त होगी बूढ़ी गंगा की धारा:
महाभारत काल से प्राचीन बूढ़ी गंगा एक संरक्षित धारा है। परंतु यहां पर कुछ प्रशासनिक अधिकारियों ने पूर्वी पाकिस्तान से हस्तिनापुर आए शरणार्थियों और नसबंदी करने वाले लोगों के लिए पट्टे काट दिए। जिससे यहां का एक बड़ा भाग प्रभावित हुआ। अब मामला एनजीटी तक पहुंचा है इसके बाद यहां पर आवंटित किए गए पट्टे भी निरस्त होंगे जिनकी प्रक्रिया शासन स्तर से चल रही है।

बजट आते ही होगा सुंदरीकरण:
ऐतिहासिक नगरी में कर्णघाट के समीप महाभारत कालीन प्राचीन बूढ़ी गंगा में श्रद्धालुओं के लिए स्नान घाट और सुंदरीकरण के लिए शासन से ढाई करोड़ के बजट की मांग की गई है जल्द ही बजट आने की उम्मीद है।-सुधा खटीक, चेयरपर्सन नगर पंचायत, हस्तिनापुर(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *