(लखनऊ ,UP)26जून,2025.
उत्तर प्रदेश के राजकीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक (एलटी ग्रेड शिक्षक) और प्रवक्ता भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) को नौ हजार से अधिक पदों का अधियाचन भेज दिया है।
नई भर्ती के लिए आयोग जल्द ही विज्ञापन जारी कर सकता है। इससे पूर्व आयोग को एलटी ग्रेड शिक्षक व प्रवक्ता भर्ती के लिए 8,905 पदों का अधियाचन मिला था, लेकिन विषयवार आरक्षण निर्धारित न होने के कारण आयोग ने माध्यमिक शिक्षा निदेशालय को अधियाचन वापस भेज दिया था।
और आरक्षण निर्धारण के बाद दोबारा अधियाचन भेजने के लिए कहा था। दो माह बाद अब विषयवार आरक्षण सहित करीब 9,017 पदों का अधियाचन आयोग को भेज दिया है।
कई वर्षों से भर्ती के इंतजार में अभ्यर्थी:
निदेशालय के सूत्रों के अनुसार, ई-अधियाचन दो दिन पहले भेजा गया है। ऐसे में एलटी ग्रेड शिक्षक और प्रवक्ता भर्ती का रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया है। इससे पहले एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती का विज्ञापन वर्ष 2018 और प्रवक्ता भर्ती का विज्ञापन वर्ष 2020 में जारी किया गया था। अभ्यर्थी सात साल से एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे हैं और हजारों अभ्यर्थी ओवरएज हो गए हैं।
नई भर्ती के लिए आयोग और शिक्षा निदेशालय पर एक साल के दौरान 20 से अधिक बार अभ्यर्थी धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि आयोग को तीन साल पहले नई भर्ती के लिए अधियाचन मिला था, लेकिन किसी न किसी कारण से भर्ती शुरू नहीं हो पा रही है।
विषयवार आरक्षण निर्धारण का पेच फंसा:
पहले समकक्ष अर्हता को लेकर विवाद था। जब नई नियमावली लागू होने से विवाद खत्म हुआ तो परीक्षा प्रारूप में बदलाव प्रस्तावित कर दिया गया और इसके बाद विषयवार आरक्षण निर्धारण का पेच फंस गया।
नई भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को काफी लंबा इंतजार करना पड़ा
प्रतियोगी छात्र मोर्चा के अध्यक्ष विक्की खान कहते हैं कि नई भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को काफी लंबा इंतजार करना पड़ा। आयोग को अब जल्द से जल्द एलटी ग्रेड शिक्षक व प्रवक्ता भर्ती का विज्ञापन जारी करना चाहिए।(साभार एजेंसी)
