योगी सरकार का फैसला:दो से तीन हजार स्कूलों का विलय होगा निरस्त
(लखनऊ,UP)05अगस्त,2025.
उत्तर प्रदेश में एक किलोमीटर से ज्यादा दूरी वाले और 50 से ज्यादा संख्या वाले स्कूलों का विलय (पेयरिंग) निरस्त करने की प्रक्रिया तेज जो गई है। इस नियम के तहत कई जिलों में काफी संख्या में विद्यालयों का विलय निरस्त किया जा रहा है। बेसिक शिक्षा विभाग के अनुसार लगभग दो से तीन हजार विद्यालयों का विलय निरस्त होगा। इसमें सर्वाधिक संख्या एक किलोमीटर से ज्यादा दूरी वाले विद्यालयों की है।
उत्तर प्रदेश में पिछले एक महीने से ज्यादा से परिषदीय विद्यालयों के विलय की प्रक्रिया चल रही है। इसमें स्थानीय अधिकारियों की ओर से काफी मनमानी के मामले सामने आए। इसकी शिकायत व विरोध-प्रदर्शन बढ़ने पर विभाग ने एक किलोमीटर से ज्यादा दूरी वाले और 50 से ज्यादा नामांकन वाले विद्यालयों का विलय निरस्त करने के निर्देश दिए। इसकी प्रक्रिया एक सप्ताह में पूरी करने को भी कहा गया है। इसके बाद जब जिलों में कार्यवाही शुरू हुई तो पता चला कि विद्यालयों के विलय में किस तरह मनमानी की गई है।
इन जिलों में ज्यादा मामले:
अब तक मिली जानकारी के अनुसार ललितपुर में 12, गोरखपुर में 31, चित्रकूट में 40, अम्बेडकरनगर में 154 विद्यालयों का विलय निरस्त किया गया है। एक अनुमान के मुताबिक हर जिले में लगभग 20-25 व कुछ जगह पर और ज्यादा संख्या में विद्यालयों का विलय निरस्त किया जा रहा है। ऐसे में यह संख्या प्रदेश भर में दो से तीन हजार तक होने की संभावना है।
वहीं समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मानक के अनुरूप ही स्कूलों की पेयरिंग करने और इसमें अनियमितता बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। सीएम के निर्देश के बाद विभाग की ओर से इसमें लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर कार्यवाही की भी तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए सोमवार को निदेशालय स्तर पर समीक्षा भी की गई है। माना जा रहा है कि जल्द ही इसे लेकर कार्यवाही होगी।
तबादला आवेदन के सत्यापन आज से;
परिषदीय विद्यालयों में चल रही तबादला व समायोजन प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन सोमवार देर रात समाप्त हो जाएंगे। बेसिक शिक्षा परिषद सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि आए हुए आवेदनों का बीएसए द्वारा ऑनलाइन सत्यापन 5 व 6 अगस्त को किया जाएगा। जबकि आठ अगस्त को तबादला आदेश जारी किए जाएंगे। हालांकि विलय वाले स्कूलों को लेकर विभाग की ओर से अभी भी स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।(साभार एजेंसी)
