(संभल,UP)08अगस्त,2025.
भगवान कल्कि और भगवान हरिहर की भूमि संभल है। भगवान विष्णु का दसवां अवतार संभल में होगा। इसका उल्लेख पुराणों में मिलता है। कुछ लोगों को यह विवादित लगता है लेकिन उनकी परंपरा में ही विवाद नजर आता है। लेकिन यह विषय विवाद का नहीं है। संभल की चर्चा जब होती है तो दुनिया का ध्यान संभल पर आकर्षित होता है। संभल जैसी सच्चाई को छिपाने की चेष्टा करने वालों को ऐसा सबक सिखाएंगे कि उनकी आने वाली पीढ़ियां याद करेंगी कि किन लोगों से टकराए थे। हमारे पास सभी तरह के प्रमाण हैं।
यह बात सीएम योगी आदित्यनाथ ने बहजोई के नजदीक स्थित फत्तेहपुर शरीफनगर में मुख्यालय की जमीन पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। सीएम ने जनसभा से पहले 658.86 करोड़ की 220 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें डीएम कार्यालय और एकीकृत आवासीय भवन पर 155.1 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
सुबह 10.25 बजे सीएम का हेलिकॉप्टर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा। सीएम ने पूजा अर्चना की और इसके बाद वह 11.15 बजे मंच पर पहुंचे। जहां मंच पर बैठे भाजपा के नेता व मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने उनका स्वागत किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि श्रीमद भागवत महापुराण 5000 वर्ष पहले रची गई थी। स्कंद पुराण और विष्णु पुराण में उल्लेख है कि भगवान कल्कि का अवतार संभल में होगा। अलग-अलग युग में अलग-अलग नाम से इस धार्मिक नगरी को पुकारा गया।
आगे कहा कि संभल में 68 तीर्थ और 19 कूप थे। परिक्रमा का मार्ग था। विदेशी आक्रांताओं ने तीर्थों को नष्ट करने का काम किया। सभी 19 कूप पर कब्जे कर लिए गए। परिक्रमा मार्ग तोड़ दिए और 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग बाधित कर दिया गया।
माता अहिल्याबाई होल्कर ने इन तीर्थों का उद्धार किया था। माता अहिल्याबाई होल्कर ट्रस्ट द्वारा तीर्थों का सहयोग किया जाता है। सीएम ने कहा कि अब हमारी डबल इंजन की सरकार इन तीर्थ और कूप का विकास करेगी। यह विरासत है हमारी, इसलिए विकास कराना जरूरी है। सीएम ने कहा कि काशी और आयोध्या में विकास हो सकता है तो संभल में क्यों नहीं हो सकता।
सरकार विकास भी कराएगी। लोक कल्याण कार्यक्रम भी कराए जाएंगे। सभी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। आगे कहा कि संभल जैसी सच्चाई को डबल इंजन की सरकार सामने ला रही है। पुनरोद्धार का जो कार्य आगे बढ़ाया गया है। उसको सावन मास में बढ़ाने का काम किया गया है।
सीएम बोले-रक्षाबंधन पर बहनों को मिलेगा पूरे प्रदेश में मुफ्त सफर:
सीएम ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 9 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व है। सभी बहनों को पूरे प्रदेश में मुफ्त यात्रा कराई जाएगी।सहयात्री भी मुफ्त सफर करेगा। सरकार ने बहनों के लिए यह निर्णय लिया है(साभार एजेंसी)