देवहा नदी में छोड़ा गया 51 हजार क्यूसेक जल,निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा

UP / Uttarakhand

(पीलीभीत,UP)15अगस्त,2025.

ड्यूनी डैम से देवहा नदी में बृहस्पतिवार रात 51 हजार क्यूसेक पानी पास किया गया। इससे पीलीभीत जिले में देवहा नदी उफना गई। शहर और उससे सटे इलाके बाढ़ की जद में आ गए हैं। शुक्रवार को निचले इलाकों में बाढ़ का पानी भरने लगा। बाढ़ के खतरे से लोगों की बेचैनी बढ़ रही है। जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। बाढ़ चौकियों को अलर्ट किया गया है। लोगों को सतर्क किया जा रहा है।

पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश के बाद ड्यूनी डैम में पानी का दबाव बढ़ गया। बृहस्पतिवार को सुबह से ही डैम से देवहा नदी में पानी पास किया जाने लगा। रात तक 51 हजार क्यूसेक पानी पास होने से देवहा नदी में उफनाने लगी थी। फिलहाल नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी जा रही है।

प्रशासन ने जारी किया अलर्ट:
लगातार बढ़ रहे देवहा नदी के जलस्तर के बाद प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। तहसील सदर की टीम ने शहर और आसपास के निचले इलाकों में पहुंचकर लोगों को नदी के किनारे न जाने समेत जरूरी सामान को सुरक्षित करने के प्रति जागरूक किया।

बाढ़ की जद में ये इलाके:
ड्यूनी डैम से पानी छोड़े जाने के बाद शहर के बेनी चौधरी, फीलखाना इलाके बाढ़ की जद में आ गया है। हालांकि अभी आबादी क्षेत्र में पानी नहीं पहुंचा है। इसके अलावा शहर से सटे चंदोई नावकूड़ मार्ग पर पानी चलने लगा है। नावकूड़ गांव के निकट नदी की धार तेज हो गई है। इससे गांव निवासी डोरीलाला,रामचरन,शेर सिंह, माखन लाल, हीरा लाल आदि ग्रामीणों के घर नदी की जद में हैं। ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। यहां नदी 20 फुट दूरी पर बह रही है।

55 हजार क्यूसेक पर बिगड़ जाती है स्थिति:
शहर से सटे इलाके से गुजरने वाली देवहा नदी में वैसे तो 35 हजार से अधिक पानी आने पर निचले इलाकों में जलभराव की संभावना बढ़ जाती है, लेकिन 55 हजार क्यूसेक पानी पास होने के बाद स्थिति बिगड़ जाती है। पिछले साल आई बाढ़ के बाद देवहा नदी में 56 हजार क्यूसेक तक पानी पास हुआ था। जिसके बाद शहर के आधे हिस्से में जलभराव की स्थिति बदतर हो गई थी।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *