जूनियर हाईस्कूल में प्रधानाध्यापक-शिक्षको की भर्ती का रास्ता साफ

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)02अक्टूबर,2025

उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) जूनियर हाईस्कूल में वर्ष 2021 से चल रही लगभग 1500 प्रधानाध्यापक व शिक्षकों की भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। हाईकोर्ट से मामला निस्तारित होने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शासन ने महानिदेशक स्कूल शिक्षा को चयन प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है।

बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव वेद प्रकाश राय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि मान्यता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल में 2019 में हुए संशोधन नियमावली के अनुसार, आरक्षण नियमों का पालन करते हुए खाली प्रधानाध्यापक व शिक्षकों की चयन प्रक्रिया की आवश्यक कार्यवाही पूरी की जाए। इसके बाद अब बेसिक शिक्षा विभाग इससे जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर प्रधानाध्यापक व शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी करेगा।

बता दें कि 2021 में लगभग 260 प्रधानाध्यापक व 1250 शिक्षक कुल 1500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी। अधियाचन जारी कर परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ओर से परीक्षा आयोजित की गई। इसमें लगभग 41 हजार अभ्यर्थी पास हुए। हालांकि एक सवाल को लेकर मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट में चला गया था। फरवरी 2025 में इस पर अंतिम रूप से निर्णय हुआ। इसके बाद शासन ने कार्मिक आदि विभागों से आरक्षण को लेकर स्थिति स्पष्ट की।

साथ ही महानिदेशक स्कूल शिक्षा को भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश जारी किया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार हाईकोर्ट व शासन की हरी झंडी के बाद अब बेसिक शिक्षा निदेशालय विज्ञापन जारी करेगा। वह पोर्टल पर पास हुए अभ्यर्थियों से जिला व विद्यालयवार आवेदन लेगा। इसके बाद मेरिट के आधार पर उनको जिला व विद्यालय आवंटित करेगा। इस तरह चार साल से नियुक्ति का इंतजार कर रहे 41 हजार अभ्यर्थियों का इंतजार पूरा होगा।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *