(एंटानानारिवो, मेडागास्कर)18अक्टूबर,2025.
मेडागास्कर में Gen-Z के उग्र प्रदर्शन की वजह से तख्तापलट हो गया है। तख्तापलट का नेतृत्व करने वाले सेना के कर्नल को राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई जाएगी। कर्नल माइकल रैंड्रियनिरिना की ओर से हस्ताक्षरित एक बयान के अनुसार, उच्च संवैधानिक न्यायालय में आयोजित एक समारोह में उन्हें मेडागास्कर के नेता के रूप में शपथ दिलाई जाएगी।
देश से भागे राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना
मेडागास्कर में Gen-Z आंदोलन की वजह से राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना अपनी जान को खतरा बताकर देश से भाग गए थे। अभी यह पता नहीं है कि वह कहां हैं। मेडागास्कर को अफ्रीकी संघ से निलंबित कर दिया गया है। संघ ने कहा है कि वह इस अधिग्रहण को ‘पूरी तरह से अस्वीकार’ करता है। कर्नल रैंड्रियनिरिना ने हाल ही में कहा था कि सशस्त्र बल 3 सप्ताह से जारी सरकार विरोधी घातक प्रदर्शनों के बाद नियंत्रण अपने हाथ में ले रहे हैं।
युवाओं ने किया प्रदर्शन
मेडागास्कर में प्रदर्शनों का नेतृत्व असंतुष्ट युवाओं ने किया। इन युवाओं ने सरकारी सेवाओं की विफलताओं, गरीबी और अवसरों की कमी के खिलाफ प्रदर्शन किए और अभिजात वर्ग पर भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारी ‘Gen-Z मेडागास्कर’ के नाम से लामबंद हुए। इससे पहले नेपाल में भी विरोध प्रदर्शनों के बाद नेताओं को सत्ता से बेदखल किया गया था।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने की निंदा
मेडागास्कर में बने हालात को लेकर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा, ‘‘संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने मेडागास्कर में सरकार के असंवैधानिक परिवर्तन की निंदा की है और संवैधानिक व्यवस्था एवं कानून के शासन की वापसी का आह्वान किया है।’’
ऐसे शुरू हुए थे प्रदर्शन
एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना को फ्रांस के एक सैन्य विमान से देश से बाहर निकाला गया है। फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने इस संबंध में कोई बयान नहीं दिया है। मेडागास्कर फ्रांस का उपनिवेश रहा है और राजोइलिना के पास कथित तौर पर फ्रांसीसी नागरिकता है, जिसे लेकर भी लोगों में नाराजगी रही है।(साभार एजेंसी)
