(लखनऊ,UP)12नवंबर,2025.
उत्तर प्रदेश में बदलते माैसम और गिरते पारे में कुछ दिनों के लिए ठहराव के आसार है। माैसम विभाग का कहना है अगले दो दिन, रात के पारे में हल्की गिरावट के बाद ठंडी पछुआ हवाओं का रुख बदलेगा। साथ ही पहाड़ों पर बर्फबारी थमी है, इससे हवा में घुली ठंड में थोड़ी कमी आएगी। पछुआ थमने के बाद प्रदेश में उत्तरी हवाएं चलेंगी और बढ़ती ठंड पर लगाम लगने के संकेत हैं।
बुधवार को प्रदेश के कानपुर, इटावा, बरेली, बुलंदशहर आदि जिलों में देर रात और भोर में चुभती ठंड महसूस की गई। कहीं-कहीं शीतलहर जैसी परिस्थितियां रहीं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि प्रदेश के जिन जिलों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे लुढ़क जा रहा है, वहां रातों में या तड़के सुबह तक अगले तीन दिनों तक शीतलहर जैसी स्थितियां बनी रह सकती हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार आने वाले सात दिनों तक उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने वाला है। साथ ही अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की और गिरावट आ सकती है। सुबह और शाम के समय घना कोहरा छा सकता है।(साभार एजेंसी)
