(लखनऊ,UP)23नवंबर,2025.
वृंदावन योजना स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में रविवार से सात दिवसीय 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी की शुरुआत हो रही है। करीब 350 एकड़ में फैले जंबूरी स्थल को 13 सेक्टर और 37 सब सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा व व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर के लिए अलग-अलग पास जारी किए गए हैं ताकि आयोजन में किसी तरह की बाधा न आए।
भारत स्काउट और गाइड, उत्तर प्रदेश के प्रादेशिक मुख्यायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि इस भव्य आयोजन में देश-विदेश से करीब 35,000 युवा शामिल होंगे। प्रतिभागियों की आवास, भोजन, चिकित्सा, सांस्कृतिक व एडवेंचर गतिविधियों के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
सेक्टर-ए में पुलिस प्रशासन, सरकारी कर्मचारियों और आयोजकों के रुकने की व्यवस्था है। सेक्टर-बी में केंद्रीय व जिला प्रशासन, भारत स्काउट गाइड की टीम और 100 बेड का अस्थायी अस्पताल बनाया गया है। सेक्टर-सी में भोजन, सेक्टर-डी में बाजार, लखनऊ जायका, प्रसिद्ध पकवान, राष्ट्रीय धरोहर प्रदर्शनी लगाई गई है।
सेक्टर-ई में अटल स्टेडियम बनाया गया है जहां देशभर के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। सेक्टर-एफ में एडवेंचर गतिविधियां होंगी, जबकि सेक्टर-जी, एच, आई, जे और के में अन्य राज्यों से आए युवाओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है। मुख्य गेट के पास आधुनिक तकनीक की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है।(साभार एजेंसी)
