भारत को मिली कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी

National

(नई दिल्ली)27नवंबर,2025.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी मिलने पर खुशी जताई है। उन्होंने इसे देश के लोगों और भारत के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि भारत की सामूहिक प्रतिबद्धता और खेल भावना को दर्शाती है, जिसने देश को वैश्विक खेल मानचित्र पर मजबूत स्थान दिलाया है।

पीएम मोदी ने कहा कि ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना के साथ भारत इन ऐतिहासिक खेलों का पूरे उत्साह से आयोजन करेगा और दुनिया भर के लोगों का स्वागत करने के लिए तैयार है। वहीं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों द्वारा अहमदाबाद को 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी का अधिकार देने का निर्णय भारत के लिए गौरव का क्षण है क्योंकि देश 2047 तक खेलों में महाशक्ति बनने का प्रयास कर रहा है।

ग्लासगो में राष्ट्रमंडल खेलों की आम सभा के दौरान अहमदाबाद को शताब्दी सत्र की मेजबानी के अधिकार औपचारिक रूप से प्रदान किए गए जिससे दो दशकों के बाद इस आयोजन के भारत में वापसी का रास्ता साफ हो गया। मांडविया ने कहा, ‘यह एक प्रतिष्ठित क्षण है कि भारत शताब्दी राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन की मेजबानी करेगा।’ खेल मंत्री ने कहा, ‘भारत प्रमुख आयोजनों की मेजबानी करने में सक्षम है और 2047 तक शीर्ष पांच खेल देशों में शामिल होगा।’

बता दें कि पिछले महीने राष्ट्रमंडल खेलों के कार्यकारी बोर्ड द्वारा अहमदाबाद को प्रस्तावित मेजबान के रूप में अनुशंसित किए जाने के बाद 74 सदस्यों वाली आम सभा ने भारत की बोली पर अपनी मुहर लगा दी है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *