कड़ाके की ठंड,घना कोहरा,शीत दिवस का अलर्ट जारी

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)21दिसंबर,2025.

पूरा प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में है। शनिवार को सर्द हवाएं कंपकंपी छुड़ाती रहीं। घने कोहरे के चलते मुश्किलें और बढ़ रही हैं। दृश्यता कम होने से सड़क, रेल और हवाई यातायात बाधित हो रहा है। शनिवार को लखनऊ हवाईअड्डे पर तीन, वाराणसी एयरपोर्ट पर छह उड़ानें रद्द रहीं। कानपुर, प्रयागराज और गोरखपुर एयरपोर्ट से भी उड़ानें देरी से उड़ीं।

मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों तक पूरे प्रदेश में घने कोहरे और शीत दिवस की चेतावनी जारी की है। कुछ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और कुछ के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।शनिवार को कानपुर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री दर्ज किया गया। इटावा में 6.8 डिग्री, बुलंदशहर में 7 डिग्री और अयोध्या का न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री दर्ज किया गया। कानपुर, आगरा, प्रयागराज और गाजियाबाद में दृश्यता शून्य दर्ज की गई। लखनऊ, बाराबंकी, वाराणसी, बहराइच, सुल्तानपुर, गाजीपुर, बस्ती, बरेली, शाहजहांपुर और नजीबाबाद में अति शीत दिवस की स्थितियां रहीं।

हरदोई, बलिया, चुर्क, गोरखपुर, प्रयागराज, गाज़ीपुर, मुरादाबाद, इटावा और आगरा में शीत दिवस की स्थिति रही। मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक सोमवार को कुछ जिलों के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने से शीत दिवस की स्थितियों से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद 24 दिसंबर से कोहरा और बढ़ेगा। साथ ही तापमान में फिर 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है।

यहां घने कोहरे का रेड अलर्ट:
कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कनौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर एवं आसपास के इलाकों में।

यहां अत्यधिक शीत दिवस की संभावना:
बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रवस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बरेली, पीलीभीत, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास के इलाकों में।

क्या है शीत दिवस:
न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम होने पर जब अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक गिरता है तो उसे शीत दिवस कहते हैं। इसके अलावा अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक गिरता है तो उसे अत्यंत शीत दिवस कहते हैं।

पहाड़ों में होगी बर्फबारी, मैदानों में और बढ़ेगी ठंड
यूपी के साथ पूरा उत्तर भारत कंपा देने वाली ठंड से बेहाल है। शनिवार को केवल दिल्ली में ही 129 उड़ानें रद्द हुईं। हिमाचल प्रदेश, कश्मीर घाटी और लद्दाख में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में गिरावट आई है और अगले 24 घंटे के दौरान बारिश और भारी बर्फबारी के आसार हैं। हिमाचल में मौसम शुष्क रहा और 10 शहरों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। इससे मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ेगी।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *