(पटना,बिहार)20फरवरी,2026.
बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में 35 प्रस्तावों पर मुहर लगी।
नीतीश कैबिनेट की बैठक में सारण जिले के सोनपुर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। यह नया इंटरनेशनल एयरपोर्ट बिहार के विकास और कनेक्टिविटी के लिहाज से मील का पत्थर साबित होगा, जिससे उत्तर बिहार और पटना के आसपास के क्षेत्रों को वैश्विक स्तर की हवाई सुविधा मिल सकेगी।
4200 एकड़ क्षेत्र में विकसित सोनपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा:
कैबिनेट के निर्णय के अनुसार सोनपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा कुल 4200 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। सोनपुर की भौगोलिक स्थिति पटना के अत्यंत करीब होने के कारण, यह नया एयरपोर्ट भविष्य में राजधानी के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बढ़ते दबाव को कम करने और लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन में प्रमुख भूमिका निभाएगा।
जमीन अधिग्रहण के लिए 1302 करोड रुपए का आवंटन:
कैबिनेट के फैसले के अनुसार प्रस्तावित एयरपोर्ट हाजीपुर डुमरिया के बीच दरियापुर क्षेत्र में बनेगाष वर्ष 2030 तक इसे तैयार करने का लक्ष्य रखा है। इस रनवे पर दुनिया के सबसे बड़े यात्री विमान भी उतर सकेंगे और उड़ान भर सकेंगे। बताया गया है कि इस रनवे पर एयर बस ए-380 जैसे विमान भी उतर सकेंगे। नीतीश कैबिनेट की ओर से इस एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण को लेकर 1302 करोड रुपए का आवंटन किया है। केंद्रीय बजट में सोनपुर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया की जाएगी।
आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम:
नीतीश कुमार के इस फैसले को बिहार में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद सोनपुर में एयरपोर्ट निर्माण की प्रक्रिया में तेजी आएगी, जिसके लिए भूमि अधिग्रहण और तकनीकी मजबूत पक्ष होंगे।(साभार एजेंसी)
