(पटना,बिहार)14जुलाई,2026
गयाजी शहर के सौंदर्यीकरण और धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की शुरुआत हुई। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गांधी मैदान पार्क के पुनर्विकास का उद्घाटन किया। इस दौरान गया और बोधगया से जुड़ी करोड़ों रुपये की पर्यटन एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं की भी जानकारी दी गई।
4.31 करोड़ रुपये में बदला गांधी मैदान पार्क का स्वरूप:
करीब 4.31 करोड़ रुपये की लागत से गांधी मैदान पार्क का पुनर्विकास किया गया है। पार्क में आधुनिक वॉकिंग पथ, गज़ीबो, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसका उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना और पर्यटकों के लिए आकर्षक वातावरण तैयार करना है।
धार्मिक स्थलों के विकास पर सरकार का विशेष फोकस:
बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि राज्य सरकार गया और बोधगया को विश्वस्तरीय धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में वैष्णो माता मंदिर में लगभग 47.44 लाख रुपये की लागत से एलईडी और लाइटिंग का कार्य कराया जाएगा। वहीं, फतेहपुर स्थित सूर्यकुंड तालाब और शिव मंदिर के विकास पर करीब 1.29 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
बोधगया में बनेगा 165 करोड़ रुपये का ध्यान एवं अनुभव केंद्र:
बोधगया में लगभग 165.44 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय ध्यान एवं अनुभव केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। इस केंद्र में मेडिटेशन सेंटर, आधुनिक पार्किंग, लिफ्ट, कैफेटेरिया, प्रदर्शनी क्षेत्र, सूचना प्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं और नया अनुभव मिलेगा।
पर्यटन बढ़ेगा,युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर:
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों के संरक्षण एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से गया जिले में पर्यटन को नई गति मिलेगी, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा और स्वच्छता की अपील:
डॉ. प्रेम कुमार ने नागरिकों से सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का स्थायी लाभ तभी मिलेगा,जब आम लोग भी इनके संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राणा रणधीर सिंह,प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।(साभार एजेंसी)
